हल्द्वानी, 05 मई 2026
नैनीताल बैंक द्वारा वर्ष 2025-26 की “चेली-भूली छात्रवृत्ति योजना” के अंतर्गत कुमाऊं मंडल की 78 मेधावी छात्राओं को एमबी डिग्री कॉलेज के सभागार में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा और समाज सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां एक ओर छात्राओं को प्रोत्साहन मिला, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नैनीताल बैंक ने अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को एक नई एम्बुलैंस भेंट की, जिसे कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत तथा बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर हाईस्कूल के मेधावी छात्र अक्षय गोयल (98.2 प्रतिशत) तथा इंटर की छात्राएं कुमारी सुशीला और दीपिका (98.2 प्रतिशत) को 5100-5100 रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में आयुक्त दीपक रावत ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि उनमें सीखने की तीव्र इच्छा और जिज्ञासा है, तो वे जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सही दृष्टिकोण करियर को केवल आजीविका नहीं, बल्कि आत्मसंतोष और समाज सेवा का माध्यम बनाता है। साथ ही, उन्होंने छात्राओं के लिए नैनीताल बैंक के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार लाल ने बताया कि योजना के तहत 39 हाईस्कूल की प्रत्येक मेधावी छात्रा को 20 हजार रुपये तथा 39 इंटर की प्रत्येक छात्रा को 39 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि बैंक समाज के उत्थान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और “चेली-भूली योजना” के माध्यम से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना उसकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में एमबी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एन.एस. बनकोटी, नैनीताल बैंक के मुख्य वित्त अधिकारी महेश कुमार गोयल, रीजनल हेड राहुल प्रधान, डीआरएम नैनीताल मनोज डालाकोटी, डीआरएम अल्मोड़ा डी.एस. कठायत सहित अनेक गणमान्य लोग, मेधावी छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं के सम्मान का मंच बना, बल्कि समाज में शिक्षा और सेवा के महत्व को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करता नजर आया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
