लालकुआँ। राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में उस समय हर कोई हैरान रह गया, जब छात्राओं ने अपनी अद्भुत वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट के प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती ने फीता काटकर किया। इसके बाद जब उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों और प्रोजेक्ट्स को देखा, तो वे उनकी प्रतिभा के कायल हो गए।
लक्ष्मण खाती ने छात्राओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में तार्किक सोच और नया सीखने का जज्बा पैदा करती है। छात्राओं के बनाए अनोखे मॉडल यह साबित करते हैं कि सही मंच मिलने पर बेटियां बड़े-बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से विद्यालय में पहले भी हाईटेक शौचालय और भोजन गृह जैसी आधुनिक सुविधाएं बनवाई गई हैं। शिक्षा के स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर माहौल देने के लिए सांसद हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी स्कूल की जरूरतों और समस्याओं को सांसद के सामने रखकर प्राथमिकता से हल कराया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूरे विद्यालय परिवार को सफल आयोजन की बधाई दी। कार्यक्रम में भाजपा नेता डॉ. राजकुमार सेतिया, समाजसेवी वीरेंद्र कोरंगा, प्रधानाचार्य आशा बिष्ट, राजेंद्र पडियार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


