पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल ने खोला मोर्चा, क्या एनएचएआई सुलझा पाएगा हल्दूचौड़ की ये बड़ी पहेली?

ख़बर शेयर करें

 

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल ने खोला मोर्चा, क्या एनएचएआई सुलझा पाएगा हल्दूचौड़ की ये बड़ी पहेली?
हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट
हल्दूचौड़ क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही बड़ी समस्याओं को लेकर अब स्थानीय जनता का सब्र जवाब देने लगा है। इसी सिलसिले में आज क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल के नेतृत्व में एक बड़ा कदम उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के रुद्रपुर स्थित परियोजना निदेशक को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपकर बंद रास्तों को खोलने और व्यवस्था सुधारने की जोरदार मांग की है।
ज्ञापन में मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर हल्दूचौड़ चौराहे के पास बंद पड़े कट को जनहित में तुरंत खोलने की मांग उठाई गई है। इसके साथ ही गुमटी से लेकर गोरापड़ाव तक के अन्य सभी कटों को भी व्यवस्थित करने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कट बंद होने की वजह से लोग गलत दिशा यानी रॉन्ग साइड से आवागमन करने को मजबूर हैं। इससे इस व्यस्त मार्ग पर हर समय भीषण सड़क हादसों का खतरा मंडराता रहता है।
इस चौराहे के आसपास भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक, केनरा बैंक, अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गायत्री शक्तिपीठ और पुलिस चौकी जैसे कई महत्वपूर्ण सरकारी व निजी संस्थान स्थित हैं। इन जगहों पर रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है, जिन्हें इस बंद कट के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा, ज्ञापन में आगामी पेराई सत्र को देखते हुए गन्ना किसानों की व्यावहारिक चिंताओं को भी प्रमुखता से उठाया गया है। मांग की गई है कि गन्ना किसानों को अपनी फसल चीनी मिल तक पहुंचाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते यातायात और ढुलान की समस्याओं का पुख्ता समाधान किया जाए। साथ ही, हल्दूचौड़ क्षेत्र में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य की सुस्त रफ्तार को तेज करने का आग्रह किया गया है, ताकि स्थानीय व्यापारियों, किसानों और आम जनता को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल के साथ जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल की अनुशासन समिति के अध्यक्ष उमेश चन्द्र कबडवाल, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हेमवती नन्दन दुर्गापाल, कैलाश बमेटा, जीवन कबडवाल, बसन्त जोशी, मनोज बिष्ट और नरेन्द्र सिंह सहित कई प्रमुख क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने एनएचएआई के अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि वे जनहित, सड़क सुरक्षा और किसानों की भलाई को प्राथमिकता दें। अब देखना यह होगा कि विभाग इन गंभीर मांगों पर कितनी जल्दी और क्या सकारात्मक कार्रवाई करता है।