कहीं अटका 35 लाख का बीमा, तो कहीं दो साल से दबाए बैठे थे लाखों रुपये; आयुक्त के दरबार में हुआ बड़ा एक्शन

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी 23 नवम्बर 2026
आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को कैम्प कार्यालय में भूमि विवाद, दुर्धटना बीमा, हिस्सा दिलाने, प्लाट में कब्जा दिलाने आदि सम्बन्धित समस्यायें जनसुनवाई में आई आयुक्त द्वारा अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया।
*रक्षा पेंशन पैकेज के दुर्घटना बीमा क्लेम का किया जाए व्यापक प्रचार-प्रसार*
जनसुनवाई में अनिता निवासी हल्द्वानी ने विगत जनसुनवाई में आयुक्त को अवगत कराया था उनके पति भूतपूर्व सैनिक थे जिनकी सडक पर दुर्घटना के कारण मृत्यु हो गई थी। उनके पति की पेंशन बैंक ऑफ बडौदा में आती है। उन्हें दुर्घटना बीमा की धनराशि नही मिलने पर आयुक्त ने सोमवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एवं बैक आफ बडौदा के अधिकारियों को कार्यालय में तलब कर कारण पूछा।
बैंक के अधिकारियों ने बताया कि खाता रक्षा पेंशन पैकेज के रूप में मैप होना चाहिए और उसमें नियमित रूप से पेंशन क्रेडिट हो रही हो। उन्होंने बताया कि जिन भूतपूर्व सैनिकों की मृत्यु हुई, उनका खाता सामान्य सेविंग खाता था, जिस पर दुर्घटना क्लेम नहीं मिल सकता है। बैंक अधिकारी ने बताया कि किसी भी भूतपूर्व सैनिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर बैंक बीमा क्लेम के रूप में लगभग 35 लाख रुपये का बीमा कवर देता है।
आयुक्त ने इस संबंध में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि बैंक द्वारा दी जा रही बीमा क्लेम के संबंध में सूचनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिन भूतपूर्व सैनिकों का खाता रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत नहीं आता है, वे अपना खाता रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत करा लें।
*मुकेश भटट को 5.50 लाख की धनराशि अपसी समझौते के तहत वापस दिलाई।*
मुकेश भटट निवासी हल्द्वानी ने बताया कि उन्होने दो वर्ष पूर्व भूमि क्रय की थी उनके एवज में 5.50 लाख की धनराशि दी गई लेकिन माया देवी द्वारा ना ही उन्हें भूमि दी और ना ही धनराशि। आयुक्त ने दोनो पक्षों को तलब कर आपसी समझौते के तहत 5.50 लाख की धनराशि एक माह में देने के निर्देश दिये आयुक्त ने कहा समयावधि में धनराशि नहीं देने पर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
*स्टे भूमि पर कोई कार्य न करने के दिए निर्देश*
अनिता शर्मा निवासी जसपुर ने बताया कि उनकी 60 बीघा जमीन है। पारिवारिक विवाद होने के कारण भूमि पर स्टे लिया गया है। जबकि स्टे होने के पश्चात भी अन्य पक्ष भूमि पर फसल बोने, तारबाड़ करने तथा टीन शेड बनाने का कार्य कर रहे हैं। जिस पर आयुक्त ने कहा कि जिस भूमि पर स्टे हो, उस भूमि पर कोर्ट का फैसला आने तक कोई भी कार्य नहीं कर सकता है। उन्होंने द्वितीय पक्ष को निर्देश दिए कि स्टे भूमि पर कोई भी कार्य करने पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।