लालकुआं / नैनीताल (09 अप्रैल 2026): लालकुआं-गौला रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के कारण उत्पन्न हो रही गंभीर यातायात समस्या को लेकर बिंदुखत्ता और लालकुआं क्षेत्र की जनता का धैर्य अब जवाब देने लगा है। गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता दीपक जोशी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री, मंडल रेल प्रबंधक (इज्जतनगर), स्थानीय सांसद अजय भट्ट और नैनीताल जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी लालकुआँ को सौंपा। इस ज्ञापन में क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज (ROB) या अंडरपास (RUB) बनाने की मांग की गई है और सुनवाई न होने पर बड़े जन-आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
घंटों बंद रहती है क्रॉसिंग, आपातकालीन सेवाएं भी हो रहीं प्रभावित
सौंपे गए ज्ञापन में क्षेत्रीय जनता ने बताया है कि लालकुआं-गौला रोड एक प्रमुख मार्ग है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों नागरिक गुजरते हैं। यह क्रॉसिंग दिन के अधिकांश समय बंद रहती है, जिससे सड़क के दोनों ओर घंटों तक लंबा जाम लगा रहता है। इस जाम का सबसे बुरा असर आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी गाड़ियाँ जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर मरीजों की जान खतरे में पड़ जाती है।
इसके अलावा, लंबे जाम के कारण समय और ईंधन की भारी बर्बादी हो रही है, जिसका सीधा असर स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। जाम के दौरान मची अफरा-तफरी से दुर्घटनाओं का अंदेशा भी लगातार बना रहता है।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें:
ROB/RUB का निर्माण: रेलवे क्रॉसिंग पर जल्द से जल्द ओवरब्रिज या अंडरपास का निर्माण कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
संचालन समय-सारणी में सुधार: जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक रेलवे क्रॉसिंग के खुलने और बंद होने की समय-सारणी को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाए जिससे यातायात सुचारु रह सके।
ट्रैफिक पुलिस की तैनाती: जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्रॉसिंग के पास स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की जाए।
आपातकालीन मार्ग (Emergency Corridor): एंबुलेंस एवं अन्य आपात सेवाओं के सुचारु आवागमन के लिए एक विशेष प्राथमिकता मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अनदेखी हुई तो होगा उग्र आंदोलन

सामाजिक कार्यकर्ता दीपक जोशी ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए पहले भी कई बार शासन-प्रशासन से लिखित और मौखिक गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जनहित में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, तो संपूर्ण क्षेत्रीय जनता लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होगी। इसके बाद बिगड़ने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर दीपक जोशी, प्रदीप जलाल, चंदन सिंह, ललित कार्की, मुकेश जोशी, राकेश सिंह, मनोज पाठक, हिमांशु जोशी, पंकज, हरीश जीना, प्रकाश बम, आदि मौजूद
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
