हल्दूचौड़ में धूमधाम से मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट।
श्री नित्यानंद पाद आश्रम, गौधाम हल्दूचौड़ में इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। पूज्य गुरुदेव श्रील नवयोगेंद्र स्वामी जी महाराज की कृपा तथा जगद्गुरु श्रील प्रभुपाद महाराज के आशीर्वाद से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
महोत्सव के तहत गुरुवार को शाम 4 बजे से आश्रम से हल्दूचौड़ तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों के साथ नृत्य, संकीर्तन एवं भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी।
शुक्रवार को शाम 7 बजे से रात 1 बजे तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान मधुर भजन, नृत्य, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां, भव्य झांकियां तथा महाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होकर जन्मोत्सव का आनंद लेंगे।
इसके बाद शनिवार को दोपहर 12 बजे से श्रील प्रभुपाद प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में 130वां व्यास पूजन एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात महाप्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
वहीं, 19 सितंबर को श्री राधाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर दोपहर 12 बजे से कीर्तन एवं अभिषेक कार्यक्रम संपन्न होंगे।
आश्रम प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार और इष्ट-मित्रों सहित सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से गौसेवा के लिए यथासंभव सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।