पिथौरागढ़ (पाताल भुवनेश्वर), संवाददाता।
देवभूमि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध और रहस्यमयी पाताल भुवनेश्वर गुफा में एक बार फिर सदियों पुरानी लोक-आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलने वाला है। आगामी कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर, मंगलवार 24 नवंबर 2026 को पाताल भुवनेश्वर गुफा और वृद्ध भुवनेश्वर धाम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नई धान की फसल का प्रथम भोग अर्पित किया जाएगा।
मंदिर कमेटी पाताल भुवनेश्वर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस महापर्व पर प्रकृति और आराध्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की अनूठी परंपरा निभाई जाती है। इसके तहत स्थानीय भण्डारी, रावल, गुरौ, दसौनी, दौपा, शूल और लोहार सहित विभिन्न समुदायों के लोग पवित्र गुफा के भीतर विराजमान ‘शिवशक्ति’ को नई धान के चावल का भोग लगाते हैं। इसके साथ ही, मल्लागर्खा क्षेत्र के खाती समुदाय के लोग भी इस दिव्य अनुष्ठान में शामिल होकर नई फसल का भोग अर्पित करते हैं।
धार्मिक अनुष्ठान और भोग अर्पण के पश्चात सामाजिक समरसता का एक अनुपम दृश्य देखने को मिलता है। मंदिर कमेटी के सदस्यों द्वारा पारंपरिक रूप से इसी नए चावल का प्रसाद तैयार कर मल्लागर्खा के खाती समुदाय और समस्त स्थानीय ग्रामीणों को प्रेमपूर्वक सामूहिक भोज कराया जाता है।
मंदिर कमेटी पाताल भुवनेश्वर के अध्यक्ष नीलम भण्डारी, महासचिव जगत सिंह रावल, उपाध्यक्ष तिलोक सिंह भण्डारी, कोषाध्यक्ष केदार सिंह भण्डारी तथा कार्यालय लिपिक ललित मोहन सिंह रावल ने क्षेत्र की समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस महापर्व पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने और पुण्य के भागी बनने का अनुरोध किया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


