स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल, पेंशन बढ़ोतरी सहित कई मांगों पर सकारात्मक आश्वासन

ख़बर शेयर करें

खटीमा।
उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। यह बैठक 9 अप्रैल 2026 को उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में आयोजित हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें प्रमुखता से रखीं। इनमें पेंशन बढ़ोतरी, पेंशन से संबंधित लंबित समस्याओं का समाधान, प्रथम पीढ़ी के न रहने पर द्वितीय पीढ़ी को पेंशन का प्रावधान, तथा देहरादून में सेनानी भवन के निर्माण हेतु धन आवंटन की मांग शामिल रही। इसके अतिरिक्त दोनों मंडलों में भी सेनानी भवनों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग उठाई कि जिस प्रकार अन्य आयोगों और परिषदों में उपाध्यक्ष नामित किए गए हैं, उसी प्रकार सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण परिषद में भी उपाध्यक्ष की नियुक्ति की जाए, ताकि संगठनात्मक कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोहर चंद्र लोहनी, प्रांतीय सलाहकार सुभाष मिश्रा, जिला अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य भगवान सिंह, जिला संरक्षक अवनींद्र गुप्ता, ब्लॉक सचिव नरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, ए.एन. भटनागर सहित खटीमा क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।