रोशनी के आगोश में सिमटी आज़ादी की शाम: लालकुआं की धरा पर सजा ऐसा क्या नयनाभिराम दृश्य, जिसे देख मुग्ध हो उठे नगरवासी?

ख़बर शेयर करें

लालकुआं। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की सुरम्य संध्या पर लालकुआं नगर राष्ट्रभक्ति के अनूठे उल्लास और स्वर्णिम आभा से जगमगा उठा। आज़ादी के इस पावन पर्व पर नगर के सौंदर्य और आतिथ्य सत्कार को एक नया स्वरूप प्रदान करते हुए दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का अत्यंत गरिमामयी माहौल में लोकार्पण किया गया। पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने नगर पंचायत द्वारा नवनिर्मित दो भव्य स्वागत द्वारों तथा मनमोहक तिरंगा एलईडी लाइटों का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया
सांसद अजय भट्ट ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नगर का सौंदर्य उसकी सांस्कृतिक चेतना और प्रगतिशीलता का परिचायक होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये नवस्थापित स्वागत द्वार नगर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक आगंतुक का आत्मीयता से अभिनंदन करेंगे, वहीं तिरंगी छटा बिखेरती ये रोशनियां रात के आंचल में देशभक्ति का नया रंग घोलकर नगरवासियों के हृदय में गौरव का संचार करेंगी। उन्होंने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास व निरंतर सुंदरीकरण के लिए ऐसे प्रयासों को अत्यंत प्रेरक बताया
समारोह की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने परियोजना के स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन स्वागत द्वारों और तिरंगा लाइटों का निर्माण लालकुआं के नव-शृंगार की दिशा में एक युगांतकारी कदम है, जिसने स्वतंत्रता दिवस के महापर्व पर स्थानीय नागरिकों में एक नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है।
इस अविस्मरणीय और भव्य लोकार्पण समारोह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन चौहान, व्यापार मण्डल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव शर्मा, अरुण जोशी, हरीश नैनवाल बॉबी संबल रोहित नयाल रोहन चौधरी सहित नगर पंचायत सदस्य नेहा आर्या, धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, शबनम, सुरेश शाह, दीपा हेमंत पांडे, भुवन पांडे व नामित सभासद गौरव कपूर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य प्रबुद्धजन और विशाल जनसमुदाय उपस्थित रहा।