सड़क हादसे में घायल वरिष्ठ पत्रकार अजय उप्रेती के स्वास्थ्य में सुधार, शुभचिंतकों ने की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
हल्दूचौड़: चंपावत से लौटते समय पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए वरिष्ठ पत्रकार अजय उप्रेती के स्वास्थ्य में अब निरंतर सुधार हो रहा है। वे वर्तमान में अपने गोपीपुरम (हल्दूचौड़) स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में परिचित व शुभचिंतक पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जान रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 12 अक्टूबर को वरिष्ठ पत्रकार अजय उप्रेती अपनी धर्मपत्नी के साथ पैतृक गांव (जनपद चंपावत) से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान चल्थी क्षेत्र अंतर्गत स्वाला के समीप पहाड़ी से अचानक भरभराकर गिरे एक पत्थर की चपेट में उनकी बाइक आ गई। इस अप्रत्याशित दुर्घटना में उप्रेती गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को भी आंशिक चोटें आईं।
मामले की जानकारी देते हुए चल्थी थाना इंचार्ज राकेश कठायत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल 108 आपातकालीन सेवा की मदद से टनकपुर अस्पताल भिजवाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सकों ने उप्रेती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में सघन चिकित्सीय देखभाल के बाद उनकी स्थिति में सुधार आया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
वर्तमान में वे अपने हल्दूचौड़ स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार जगत, सामाजिक संगठनों और स्थानीय गणमान्य लोगों का उनके आवास पर हालचाल जानने हेतु तांता लगा हुआ है। सभी शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र व पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


