नैनीताल में होम स्टे पर बड़ी कार्रवाई: 197 में से 169 में मिली अनियमितता, लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल/हल्द्वानी, 11 मई 2026। 

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद नैनीताल में सोमवार को होम स्टे और गेस्ट हाउस के विरुद्ध व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया। उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में कुल 197 होम स्टे/गेस्ट हाउस का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कुल 197 में से 169 होम स्टे में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इनमें 44 होम स्टे बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे थे, जबकि 125 होम स्टे होम स्टे नियमावली-2015 के निर्धारित मानकों के विपरीत पाए गए।

जांच के दौरान प्रमुख अनियमितताओं में पंजीकरण का अभाव, निजी पार्किंग की कमी, स्वामी का मौके पर निवासरत न होना, स्वयं का किचन न होना तथा होम स्टे को अन्य व्यक्तियों को लीज पर देना शामिल रहा। कई स्थानों पर यह भी पाया गया कि होम स्टे का संचालन राज्य के बाहर के लोगों द्वारा व्यावसायिक रूप से किया जा रहा है।

नैनीताल शहर में एसडीएम नवाजिश खलिक एवं राजस्व पुलिस के नेतृत्व में तल्लीताल, बूचड़खाना, प्राणी उद्यान मार्ग और मल्लीताल मोहन को चौराहा क्षेत्र में 16 होम स्टे पर छापेमारी की गई। इनमें एक भी होम स्टे नियमावली-2015 के मानकों पर खरा नहीं उतरा। सभी में पार्किंग, किचन और स्वामी की उपस्थिति से जुड़ी खामियां पाई गईं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि होम स्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना, स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना और राज्य की आर्थिकी को सशक्त करना है। लेकिन इसके विपरीत कई होम स्टे बाहरी लोगों द्वारा व्यावसायिक रूप से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है बल्कि राज्य को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।

उन्होंने बताया कि सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर 169 अनियमित होम स्टे/गेस्ट हाउस को नोटिस जारी किए जाएंगे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित लाइसेंस निरस्त करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए स्थानीय हितों की रक्षा की जाएगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad