भोर की पहली किरण संग गूंजेगी गुरुवाणी, लालकुआँ में पाँच दिवसीय प्रभात फेरी से सजेगा प्रकाशोत्सव का दिव्य आगाज
17 नवंबर से नगर भ्रमण करेगी प्रभात फेरी, 22 को श्री अखण्ड पाठ साहिब और 24 नवंबर को सजेगा विशाल कीर्तन दरबार व गुरु का अटूट लंगर
@ रमाकान्त पन्त @
लालकुआँ। सत्य, सेवा, करुणा और आपसी भाईचारे का अमर संदेश देने वाले सिख धर्म के प्रथम गुरु, धन-धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज का पावन प्रकाशोत्सव हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लालकुआँ में पूरी श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। लालकुआँ गुरु सिंह सभा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव राजकुमार सेतिया ने बताया कि प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार, 17 नवंबर से आगामी पाँच दिनों तक प्रातःकालीन दिव्य प्रभात फेरियों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन प्रातः चार बजे श्री गुरुद्वारा साहिब परिसर से वाहेगुरु के जयकारों और मधुर शब्द कीर्तन के साथ प्रभात फेरी का शुभारंभ होगा। नगर के विभिन्न मार्गों और मोहल्लों का भ्रमण करते हुए यह प्रभात फेरी पुनः गुरुद्वारा परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी, जहाँ संगत द्वारा सामूहिक शब्द कीर्तन एवं अरदास की जाएगी।
सचिव राजकुमार सेतिया ने आगे बताया कि पाँच दिवसीय प्रभात फेरी के उपरांत 22 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में श्री अखण्ड पाठ साहिब का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके पश्चात मुख्य पर्व 24 नवंबर को श्री अखण्ड पाठ साहिब के भोग के साथ भव्य धार्मिक दीवान सजेगा। इस अवसर पर आमंत्रित प्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा गुरुवाणी के मनोहर शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया जाएगा। कीर्तन दरबार की समाप्ति के तत्पश्चात विशाल भण्डारा (गुरु का अटूट लंगर) आयोजित किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने समस्त क्षेत्रवासियों से सपरिवार पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर विशेष दोहे
नानक नाम जहाज है, जो उतरे सो पार।
प्रेम भाव से जो भजे, खुले मुक्ति के द्वार।।
एक नूर से सब रचे, मिटा दिया अँधियार।
नानक देव कृपालु ने, तार दिया संसार।।
भोर भई गुरु नाम की, गूंजे मधुर निशान।
प्रभात फेरी में मिले, भक्ति और सम्मान।।
ऊँच-नीच सब मेट कर, जोड़ा जग से नेह।
नानक वाणी अमृत सम, बरसे सुखद सनेह।।
सत्य मार्ग पर नित चलो, रखो हृदय विश्वास।
नानक की शुभ कृपा से, पूरन हो हर आस।।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


