हल्द्वानी, 18 मार्च 2026। नव संवत्सर 2083 (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के पावन अवसर पर हिन्दू समाज के तत्वावधान में वाटिका बैंक्वेट एंड लॉन, नैनीताल रोड, हल्द्वानी में 108 कुंडीय महायज्ञ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम राष्ट्र कल्याण और जनमानस की सुख-समृद्धि की भावना के साथ आयोजित किया गया।
महायज्ञ में महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति जी महाराज, आचार्य विजय जी (हनुमान धाम, छोई रामनगर) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री धनीराम जी का सानिध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत संघचालक डॉ. बहादुर सिंह बिष्ट, जिला संघचालक डॉ. नीलाम्बर भट्ट सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
यज्ञ का संचालन यज्ञब्रह्मा डॉ. विनय विद्यालंकर जी ने कन्या गुरुकुल चोटीपुरा की ब्रह्मचारिणियों के साथ विधिवत संपन्न कराया। इस अवसर पर आचार्य विजय जी ने नव संवत्सर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति में इसकी विशेषता बताई, वहीं स्वामी सरस्वती जी महाराज ने यज्ञ के आध्यात्मिक और वैज्ञानिक पक्ष को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री धनीराम जी ने सभी अतिथियों, यजमानों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में प्रकाश डिफेंस एकेडमी एवं संस्कृत महाविद्यालय, रेलवे बाजार के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमानों सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया। यह आयोजन “नव वर्ष आयोजन समिति, हल्द्वानी” के सफल प्रयासों से संपन्न हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
