हल्दूचौड़। लालकुआँ के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के हल्दूचौड़ स्थित आवास पर आयोजित भव्य होली मिलन कार्यक्रम में रंगों का सैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं मातृ शक्तियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर रहा। पारंपरिक होली गीतों और ढोलक की थाप पर उपस्थित जनसमूह ने आनंदपूर्वक होली का पर्व मनाया। मातृ शक्तियों ने भी सुंदर होली गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया, जिससे कार्यक्रम में पारिवारिक और सांस्कृतिक सौहार्द की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों का त्यौहार है, जो समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमें इस पर्व को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के प्रति स्नेह और सम्मान की भावना के साथ मनाना चाहिए।
विधायक ने कार्यक्रम की सफलता के लिए मातृ शक्तियों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सहभागिता से ही ऐसे आयोजनों में आत्मीयता और सांस्कृतिक गरिमा बनी रहती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई और लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली के उल्लास को साझा किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
