आस्था और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम: माँ अवंतिका धाम में सेंचुरी मिल के सीईओ अजय गुप्ता ने की पूजा-अर्चना, बेटी नीतू को इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल भेंट कर जगाई मानवता की अलख
लालकुआं। प्रसिद्ध और आस्था के प्रतीक माँ अवंतिका मंदिर परिसर में आज उस समय एक अद्भुत और भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब अध्यात्म के आंगन में सेवा और संवेदना का एक नया अध्याय लिखा गया। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय कुमार गुप्ता ने आज क्षेत्र की सुख, समृद्धि और मंगल कामना के लिए माँ अवंतिका के चरणों में शीश नवाया। इस पावन अवसर पर उनके साथ मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा भी मौजूद रहे, जबकि मंदिर के मुख्य आचार्य चन्द्रशेखर जोशी ने संपूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस विशेष पूजा-अर्चना को विधिपूर्वक संपन्न कराया।

पूजा-अर्चना की पूर्णाहुति के ठीक बाद माँ के दरबार में एक ऐसा क्षण आया जिसकी कल्पना शायद वहां मौजूद कई लोगों ने नहीं की थी। सेंचुरी मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने क्षेत्र की होनहार बेटी नीतू तिवारी को अपने हाथों से एक इलेक्ट्रिकल ट्राई साइकिल (बैटरी चालित तिपहिया साइकिल) प्रदान कर मानवीय गुणों की अद्भुत मिसाल पेश की। इस सेवा कार्य के पीछे स्थानीय सभासद दीप्ती हेमन्त पाण्डे का एक निस्वार्थ प्रयास छिपा था। इस कार्य की बेहद सराहना करते हुए सभासद दीप्ती पाण्डे ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र की इस जरूरत को देखते हुए सेंचुरी मिल प्रबंधन से सिर्फ एक बार अनुरोध किया था, लेकिन मिल के शीर्ष नेतृत्व ने जिस तत्परता और उदारता के साथ इस पर संज्ञान लिया, उसका शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी को इस तरह धरातल पर उतारना वाकई वंदनीय है।
इस अवसर पर सेंचुरी मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने सामाजिक सरोकारों पर गहरा प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है और हम सभी को मिलकर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां हमारे समाज की सबसे बड़ी धरोहर और हमारी सबसे मजबूत बुनियाद हैं, जिन्हें सशक्त बनाना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है। जब हम एक बेटी को संबल देते हैं, तो हम एक पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सेंचुरी मिल हमेशा से इस क्षेत्र के विकास और यहाँ के लोगों के सुख-दुख में सहभागी रही है और भविष्य में भी ऐसे जन-कल्याणकारी कार्यों के लिए पूरी निष्ठा के साथ खड़ी रहेगी।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने सेंचुरी मिल के उच्चाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया और इस पावन पहल के लिए आभार व्यक्त किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित जनों में मुख्य रूप से मंदिर कमेटी के महामन्त्री भुवन पाण्डे, व्यापार मण्डल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, महामन्त्री नन्दन सिंह राणा, सभासद धन सिंह बिष्ट, अनुरोध कुमार गुप्ता, गोपाल दत्त जोशी, हेमन्त पांडे, वरुण पाठक, विमल चौधरी, हेमु बिष्ट, तरुण बिष्ट, रणवीर खाती और संदीप पासवान आदि शामिल थे। पूरे क्षेत्र में सेंचुरी मिल प्रबंधन के इस संवेदनशीलता से भरे कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
