लालकुआँ में पहली बार रचने जा रहा है अनूठा इतिहास: 20 नवंबर की शाम माँ अवंतिका मंदिर में खुलेगा ‘संस्कृति और सरप्राइज’ का पिटारा,

ख़बर शेयर करें

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट करेंगे शिरकत; भैलो की चमक, छोलिया की थाप और निःशुल्क लकी ड्रॉ बनाएंगे इस ऐतिहासिक शाम को यादगार
लालकुआँ। नगर और आसपास के क्षेत्र में आगामी 20 नवंबर की शाम कुछ ऐसा घटित होने जा रहा है, जिसका गवाह लालकुआँ का इतिहास पहले कभी नहीं बना। उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से नगर में पहली बार लोकपर्व ‘ईगास एवं बूढ़ी दीपावली’ का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। माँ अवंतिका कुंज देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार, 20 नवंबर को अपराह्न 3:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में कौतूहल और भारी उत्साह का माहौल है।
माँ अवंतिका मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा सांसद अजय भट्ट विशेष रूप से सम्मिलित होंगे। आयोजन का शुभारंभ पावन गौ माता पूजन एवं आरती के साथ होगा, जिसके बाद पूरा मंदिर परिसर हजारों दीपों की स्वर्णिम आभा से जगमगा उठेगा। भव्य दीपदान के इस अलौकिक दृश्य के बीच देवभूमि की लोक संस्कृति के विविध रंग बिखरते नजर आएंगे।
समारोह का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कलाएं और सदियों पुरानी परंपराएं होंगी। एक ओर जहाँ पारंपरिक झोड़ा के मधुर लोकगीत और छोलिया नृत्य की वीरतापूर्ण थाप दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी, वहीं दूसरी ओर ईगास की सबसे रोमांचक परंपरा ‘पारंपरिक भैलो खेल’ का भी जीवंत प्रदर्शन होगा। मशालों की रोशनी और लोकधुनों के बीच खेले जाने वाले भैलो का यह नजारा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली पहाड़ी संस्कृति से रूबरू कराएगा।
इस ऐतिहासिक शाम में मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों के लिए एक ऐसा सरप्राइज भी रखा है, जो कार्यक्रम के अंत तक लोगों की उत्सुकता बनाए रखेगा। आयोजन स्थल पर उपस्थित होने वाले सभी लोगों के लिए ‘विशेष निःशुल्क लकी ड्रॉ’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भाग्यशाली विजेताओं को आकर्षक उपहार जीतने का मौका मिलेगा।
माँ अवंतिका मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि लालकुआँ में प्रथम बार हो रहे इस सांस्कृतिक महापर्व को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति ने समस्त नगर व क्षेत्र की जनता से सपरिवार मंदिर परिसर में पधारकर दीप प्रज्वलित करने, सुख-समृद्धि की कामना करने और लोक संस्कृति के इस ऐतिहासिक उत्सव की शोभा बढ़ाने का विनम्र आग्रह किया है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  आखिर क्यों अमावस्या के 11 दिन बाद मशालों से दहक उठती हैं उत्तराखंड की वादियां? जानिए देवभूमि की उस रहस्यमयी 'दूसरी दीपावली' की अनसुनी दास्तान, जो अब गुमनामी के अंधेरे में खोने की कगार पर है!
Ad Ad Ad Ad Ad Ad