सन्नाटे में डूबा गौलापार: 35 साल तक जिस ‘मसीहा’ ने संवारा हर घर का आंगन, 98 वर्ष की आयु में अनंत यात्रा पर निकला वह कर्मयोगी; शोक संवेदना व्यक्त करने को उमड़ रहा जनसैलाब, हर आंख हुई नम!

ख़बर शेयर करें

 

35 वर्षों तक ग्राम प्रधान रहकर जनसेवा की अनूठी मिसाल कायम करने वाले स्वर्गीय श्री बच्ची सिंह रैक्वाल के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर, 24 नवम्बर को होगा पीपल पानी संस्कार

@ रमाकान्त पन्त @

हल्द्वानी (गौलापार)। जब सदियों पुराना कोई विशाल वटवृक्ष धराशायी होता है, तो पूरा उपवन खुद को अनाथ महसूस करने लगता है। गौलापार की फिजाओं में इन दिनों कुछ ऐसा ही बोझिल सन्नाटा और गहरा दर्द पसरा हुआ है। मानवीय गुणों की अद्भुत मिसाल, सादगी और महान कर्मयोग के जीवंत प्रतीक स्वर्गीय श्री बच्ची सिंह रैक्वाल अब हमारे बीच नहीं रहे। लगभग 98 वर्ष की दीर्घायु में, बीते शनिवार 14 नवम्बर को उन्होंने इस नश्वर संसार की समस्त मोह-माया को त्यागकर दिव्य लोक की ओर प्रस्थान कर लिया। उनके महाप्रयाण की खबर से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और हर आंख अश्रुपूरित है।

35 वर्षों का स्वर्णिम सेवाकाल और निस्वार्थ समर्पण किशनपुर रैक्वाल (पोस्ट ऑफिस दौलतपुर) निवासी स्वर्गीय श्री बच्ची सिंह रैक्वाल केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि समूचे गौलापार क्षेत्र के लिए एक अभिभावक और महान आदर्श थे। लगातार 35 वर्षों तक ग्राम प्रधान के पद को सुशोभित करते हुए उन्होंने पद की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके जीवन का एक ही मंत्र था—नर सेवा ही नारायण सेवा। आधी रात को भी यदि किसी गरीब, असहाय या ग्रामीण पर कोई विपदा आती, तो बच्ची सिंह जी ढाल बनकर सबसे पहले खड़े मिलते थे। लोगों के हर सुख-दुख में साये की तरह साथ रहने वाले इस युगपुरुष के चले जाने से आज हर ग्रामीण खुद को निस्सहाय महसूस कर रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  जिस अनूठे प्रयोग ने बदल दी शहर की तस्वीर, अब उसी ने देशभर में रोशन किया नाम! जानिए क्या है लालकुआँ का वो 'गुलमोहर' मॉडल, जिसे केंद्र सरकार ने नवाजा

संस्कारों की विरासत और शोकाकुल परिवार वे अपने पीछे दो पुत्रों, पाँच पुत्रियों सहित नाती-पोतों का एक अत्यंत सुसंस्कृत और भरा-पूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। जिस आंगन में कभी उनके आशीर्वाद से रौनक रहती थी, आज वहां सिसकियों की गूंज है। उनके दोनों सुपुत्र तारा रैक्वाल और राजेन्द्र रैक्वाल अपने पिता के दिखाए पदचिह्नों पर चलते हुए समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विशेष रूप से उनके छोटे पुत्र राजेन्द्र रैक्वाल न केवल एक अद्भुत कला प्रेमी हैं, बल्कि प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में भी उनका विशेष और सराहनीय योगदान रहा है, जिसमें उनके पिता के दिए संस्कारों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।

आवास पर उमड़ा संवेदनाओं का सैलाब, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि आज दिवंगत पुण्यात्मा के किशनपुर रैक्वाल स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हेमवती नन्दन दुर्गापाल, उमेश कब्ड्वाल, दया किशन कबड्वाल तथा दया बमेठा सहित तमाम गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान हर किसी की जुबान पर उनके नेक कार्यों और मृदु व्यवहार की चर्चा रही।

यह भी पढ़ें 👉  महाकालेश्वर मन्दिर रामगढ़ में चातुर्मास पूर्णाहुति पर 20 नवम्बर से दो दिवसीय भव्य जागरण एवं विशाल भण्डारा

वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हेमवती नन्दन दुर्गापाल का भावुक बयान:

“स्वर्गीय श्री बच्ची सिंह रैक्वाल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अपने आप में सेवा, त्याग और संवेदना की एक जीवंत पाठशाला थे। 35 वर्षों तक ग्राम प्रधान रहते हुए उन्होंने कभी सत्ता का सुख नहीं भोगा, बल्कि निस्वार्थ भाव से मानवता को पूजा। वे हमारे क्षेत्र के वह शीतल वटवृक्ष थे, जिनकी छांव में हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करता था। 98 वर्ष की आयु में उनका यूं चले जाना पूरे गौलापार और समाज के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस वज्रपात को सहने की असीम शक्ति प्रदान करें।”

संघर्षों की अमर गाथा: अनेकों परिवारों को गौलापार में बसाने का किया पुण्य कार्य स्वर्गीय श्री बच्ची सिंह रैक्वाल का संपूर्ण जीवन किसी प्रेरणादायी संघर्ष गाथा से कम नहीं रहा। विषम परिस्थितियों और अभावों की तपती भट्टी में तपकर उन्होंने स्वयं को कुंदन की तरह निखारा, लेकिन अपने संघर्ष की आंच कभी दूसरों तक नहीं पहुंचने दी। शुरुआती दौर में जब गौलापार का यह क्षेत्र दुर्गम और चुनौतियों से भरा था, तब उन्होंने न केवल अदम्य साहस के साथ जीवन की कठिन डगर पर कदम बढ़ाए, बल्कि दूर-दराज से आए अनेक जरूरतमंद और बेसहारा परिवारों को भी अंगुली पकड़कर गौलापार की इस पावन धरती पर बसाया। लोगों को छत और आशियाना दिलाने से लेकर उनके जीवन को संवारने तक, उन्होंने जो निस्वार्थ भूमिका निभाई, उसके लिए आज भी क्षेत्र के अनेकों परिवार उन्हें किसी देवदूत की तरह पूजते हैं। एक साधारण व्यक्ति से समूचे क्षेत्र के सर्वमान्य ‘अभिभावक’ बनने तक की उनकी यह तपस्या और संघर्ष यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रकाश स्तंभ बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  जनगणना-2027 को लेकर मुकेश बोरा की पहल, 710 दुग्ध समितियों के जरिए 34 हजार परिवारों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दिवंगत पुण्यात्मा का पीपल पानी संस्कार आगामी 24 नवम्बर को संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्रवासी और परिजन एकत्रित होकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad