श्रद्धा और संस्कृति का संगम: मां अवंतिका मंदिर में वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सेतिया जी को भेंट की गई ‘आदि शक्ति मां अवंतिका’ पुस्तक

ख़बर शेयर करें

 

श्रद्धा और संस्कृति का संगम: मां अवंतिका मंदिर में वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सेतिया जी को भेंट की गई ‘आदि शक्ति मां अवंतिका’ पुस्तक
लालकुआँ, शैल शक्ति ब्यूरो। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माँ अवंतिका मंदिर के पावन प्रांगण में आज एक अत्यंत गरिमामयी और आत्मीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी राजकुमार सेतिया जी और उनकी धर्मपत्नी की माँ अवंतिका के प्रति अगाध श्रद्धा को देखते हुए, उन्हें मंदिर परिसर में विशेष रूप से ‘आदि शक्ति मां अवंतिका’ पुस्तक भेंट की गई। यह पुस्तक क्षेत्र के धार्मिक इतिहास, पौराणिक महत्व और मां अवंतिका के प्रति जन-जन की आस्था को प्रामाणिक रूप से उजागर करने का एक ऐतिहासिक दस्तावेज है।
मंदिर के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में पुस्तक प्राप्त करने के बाद वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सेतिया जी और उनकी धर्मपत्नी ने इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर श्री राजकुमार सेतिया जी ने कहा कि अपनी लोक-संस्कृति, प्राचीन पांडुलिपियों और धार्मिक इतिहास को सहेजकर पुस्तक का रूप देना एक अत्यंत कठिन और तपस्या का कार्य है। ‘आदि शक्ति मां अवंतिका’ पुस्तक न केवल वर्तमान पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ेगी, बल्कि आने वाली भावी पीढ़ी के लिए भी एक मार्गदर्शक और अमूल्य धरोहर साबित होगी। उनकी धर्मपत्नी ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मां के दरबार में मां की ही महिमा पर आधारित इस पावन पुस्तक को प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य जनों ने चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि में ऐसे कई पौराणिक और जागृत स्थल हैं, जिनका इतिहास लिखित रूप में उपलब्ध न होने के कारण धीरे-धीरे विस्मृत हो रहा था। ऐसे दौर में ‘आदि शक्ति मां अवंतिका’ जैसी शोधपरक और ज्ञानवर्धक पुस्तक का सामने आना क्षेत्र के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संरक्षण के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है।
मां अवंतिका मंदिर, जो इन दिनों न केवल भक्ति बल्कि लोक-कला और निःशुल्क संगीत साधना का भी एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है, वहां इस तरह के बौद्धिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान ने इस परिसर की गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया है। इस भेंट वार्ता के दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित अन्य श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों ने भी इस सुखद क्षण का स्वागत किया