संघर्ष से सफलता की मिसाल बने प्रकाश सनवाल ने दिया समाज को प्रेरणादायी संदेश — युवा समाजसेवी शुभम अण्डोला ने की पहल की सराहना, बताया युवाओं के लिए अनुकरणीय
हल्द्वानी/लालकुआं: आज के दौर में जहां जन्मदिन और वर्षगांठ जैसे अवसर महंगे होटलों और तड़क-भड़क भरे आयोजनों की भेंट चढ़ जाते हैं, वहीं समाज में कुछ ऐसे व्यक्तित्व भी हैं जो खुशियों को जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर कर मनाना जानते हैं। ऐसा ही एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है नगर के जाने-माने अधिवक्ता प्रकाश सनवाल ने। उन्होंने अपनी लाडली बिटिया प्रानू (प्रनिका) के जन्मदिन के पावन अवसर पर फिजूलखर्ची से दूर रहकर ‘हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट’ को ₹21,000 की आर्थिक सहयोग राशि भेंट की।
संघर्ष की भट्ठी में तपकर बने हैं मददगार
एडवोकेट प्रकाश सनवाल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने हल्द्वानी के मीरा मार्ग पर चाय की दुकान चलाकर अपनी पढ़ाई पूरी की और कड़े संघर्ष के बल पर वकालत के पेशे में अपनी एक अलग पहचान बनाई। जमीन से जुड़े होने के कारण वे गरीबों और असहायों की पीड़ा को गहराई से महसूस करते हैं। जब भी क्षेत्र में किसी आपदा या विपत्ति का समय आया, वे हमेशा आगे रहे हैं। पूर्व में गौलापार हादसे के दौरान भी उनके परिवार ने ₹50,000 की आर्थिक मदद देकर संवेदनशीलता का परिचय दिया था।
ट्रस्ट की स्थापना से लेकर अब तक हर कदम पर सहयोग
हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट के निर्माण की शुरुआत से ही प्रकाश सनवाल का अटूट सहयोग रहा है। ट्रस्ट के विधिक व कागजी कार्यों को पूर्ण कराने से लेकर हर सामाजिक अभियान में वे पर्दे के पीछे रहकर हमेशा तत्पर रहते हैं। जब भी किसी निर्धन की सहायता का विषय आता है, वे सदैव अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हैं।
युवा समाजसेवी शुभम अण्डोला का वक्तव्य
इस अवसर पर युवा समाजसेवी शुभम अण्डोला ने अपने विचार साझा करते हुए कहा:
“मेरे अभिन्न मित्र एडवोकेट प्रकाश सनवाल जी का यह कदम आज के युवाओं और पूरे समाज के लिए एक अनुपम प्रेरणा है। अपने पारिवारिक मांगलिक अवसरों को दिखावे और भारी खर्च के बजाय जरूरतमंदों के हित में समर्पित करना एक संवेदनशील हृदय ही कर सकता है। संघर्षों से तपकर सफलता के मुकाम तक पहुंचे प्रकाश जी हमेशा निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे रहते हैं। बिटिया प्रानू के जन्मदिन पर दी गई यह सहयोग राशि कई जरूरतमंद परिवारों का संबल बनेगी। मैं बिटिया को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देता हूँ और समाज के सभी जागरूक नागरिकों से आह्वान करता हूँ कि वे अपनी खुशियों में वंचित वर्ग को अवश्य शामिल करें।”
समाज से की गई एक मार्मिक अपील
ट्रस्ट एवं समाजसेवियों की ओर से आमजन से भावुक अपील की गई है कि लोग अपने बच्चों के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य पारिवारिक उत्सवों पर दिखावे की संस्कृति को छोड़कर कुछ राशि किसी बेबस या जरूरतमंद की सहायता में लगाएं। सहयोग राशि छोटी हो या बड़ी, उसके पीछे का सेवा-भाव ही समाज को मजबूत बनाता है।
‘हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट’ (सेवा • सहयोग • संवेदना) किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का सांझा मंच है, जिसका एकमात्र ध्येय पीड़ित मानवता की सेवा करना है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
