आखिर कौन हैं वो महायोगी जिनकी एक पुकार पर कान्हा ने उठा लिया था गोवर्धन पर्वत? जानिए उस चमत्कारी शक्ति का रहस्य, लालकुआँ में सजने जा रहा है जिनकी भक्ति का भव्य दरबार

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआँ (नैनीताल)
क्या आप जानते हैं कि द्वापर युग के उस महासंकट के समय जब इंद्रदेव के क्रोध से मूसलाधार बारिश ने समूचे नंदगांव को जलमग्न कर दिया था, तब किसके विनम्र आग्रह पर भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था? योगेश्वर श्रीकृष्ण के वही परम सखा, महान गौ-सेवक और अलौकिक सिद्धियों के स्वामी महायोगी श्री काशीदास बाबा की महिमा आज भी युगों-युगों से जन-जन के संकट हरने वाली मानी जाती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से श्री काशीदास बाबा के चरणों में श्रद्धा का एक पुष्प भी अर्पित कर देता है, उसके जीवन से रोग, शोक, दुख और दरिद्रता का समूल नाश हो जाता है। बलिया के पावन द्वाबा क्षेत्र की तपोभूमि और बक्सर के समाधि स्थल से जुड़ी यह महिमामयी परंपरा आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भक्तों के दिलों में श्रद्धा का दीप प्रज्वलित कर रही है। परांकुश मुनि और आत्मारामी संत स्वामी रामानंद जी की शिष्य परंपरा से जुड़े बाबा काशीदास जी की आराधना विशेष रूप से सावन मास में पशुधन की रक्षा, उत्तम वर्षा और खेतों की खुशहाली के लिए पूरे भक्ति भाव से की जाती है।
इसी पावन और अटूट आस्था का महापर्व एक बार फिर जनपद नैनीताल के लालकुआँ में पूरी भव्यता के साथ सजने जा रहा है। विगत कई वर्षों की अनवरत परंपरा को निभाते हुए न्यू कालोनी, सी.पी.पी. लालकुआँ में पंथी महाराज जी के पावन सानिध्य में भव्य श्री काशीदास बाबा पूजन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इस पावन अनुष्ठान का शुभारंभ मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे से 10:00 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से विशेष पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर बाबा का मंगलमय आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
इस धार्मिक आयोजन का मुख्य और विशेष आकर्षण दो दिग्गज भोजपुरी कलाकारों, प्रमोद कुमार बनारसी एवं कविता बनारसी के बीच होने वाला सुरमयी संगीत का महामुकाबला रहेगा, जो पूरे वातावरण को भक्ति और उल्लास के रस में सराबोर कर देगा।
समारोह के अध्यक्ष बृजेश यादव, महामंत्री राम पाल यादव सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों व कॉलोनी के समस्त भक्तजनों ने सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर पूजन में सम्मिलित होने, सुरमयी भजनों का आनंद लेने और महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य का भागी बनने का भावपूर्ण आह्वान किया है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  इंद्र के कोप से ग्वालों की रक्षा करने वाले किस दिव्य संत की कृपा से धन्य हुई लालकुआं की धरा? श्री काशीदास बाबा के पूजन में उमड़ा आस्था का महासागर
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad