लालकुआं / बिंदुखत्ता। आगामी 22 नवंबर (रविवार) को बिंदुखत्ता में आयोजित होने वाले ‘लोकथात’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के बतौर मुख्य अतिथि आगमन की सूचना से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके प्रथम बिंदुखत्ता आगमन के अवसर पर ‘वन अधिकार संगठन, बिंदुखत्ता’ ने उन्हें पत्र भेजकर बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग दोहराई है और प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के लिए समय देने का विनम्र अनुरोध किया है।
संगठन ने अपने पत्र में अवगत कराया है कि वन अधिकार अधिनियम 2006 की धारा 3.1.ज के प्रावधानों के तहत बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम के सामूहिक दावे को 19 जून 2024 को ही जिलास्तरीय वनाधिकार समिति से स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, स्वीकृति के ढाई वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद अभी तक राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी नहीं हो पाई है। संगठन के अनुसार, इस संबंध में जिला स्तर से लेकर सचिवालय के जिम्मेदार अधिकारियों और मुख्य सचिव तक दर्जनों बार पत्राचार व वार्ता के माध्यम से तथ्य प्रस्तुत किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है।
पत्र में आंदोलन की पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि विभिन्न मौकों पर मुख्यमंत्री से मिलकर फरियाद रखने और जल्द ठोस निर्णय के आश्वासन मिलने के बावजूद कोई कार्यवाही न होने पर ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। इसके तहत विगत 15 अगस्त 2026 से 40 दिनों तक घर-घर पदयात्रा निकाली गई और 27 सितंबर को लालकुआं में 20 हजार से अधिक लोगों ने एकत्रित होकर विशाल रैली में हिस्सा लिया। उस रैली में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने 10 से 15 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सक्षम अधिकारियों के साथ वार्ता कराने का वादा किया था। सुनवाई न होने के कारण ग्रामीणों को मजबूर होकर लालकुआं तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठना पड़ा, जिसे आज 43 दिन पूरे हो चुके हैं।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री अपने इस प्रथम आगमन पर बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की अधिसूचना जारी करवाएंगे। साथ ही, संगठन ने आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री अपने व्यस्ततम कार्यक्रम में से कुछ समय निकालकर बिंदुखत्तावासियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करें और इस बैठक में वन अधिकार अधिनियम की जानकारी रखने वाले अधिकारियों को भी जरूर शामिल करें, ताकि तथ्यों के आधार पर वार्ता सकारात्मक परिणाम की ओर बढ़ सके।

मुख्यमंत्री का हार्दिक स्वागत करते हुए भेजे गए इस ज्ञापन को समस्त पूर्व सैनिक संगठन बिंदुखत्ता का भी समर्थन प्राप्त है। पत्र पर अर्जुन नाथ गोस्वामी, कैप्टन इन्द्र सिंह पनेरी, भरत सिंह नेगी, भूपेश जोशी, नन्दन बोरा, बलवन्त बिष्ट, खिलाफ सिंह दानू और देवकी कोरंगा सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


