हसामपुर मनसा देवी मंदिर में सम्पन्न हुआ बसंत नवरात्रि, हजारों भक्तों ने लिया पंगत प्रसाद

ख़बर शेयर करें

हसामपुर।
पहाड़ी पर स्थित प्राचीन मनसा माता मंदिर में बसंत नवरात्रि का भव्य समापन नौचंडी और रात्रि हवन के साथ सम्पन्न हुआ। नौ दिन तक चली नवरात्रि में माता सिद्धिदात्री का पंचामृत अभिषेक और विधिवत पूजन कर श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएँ मांगी।
इतिहासकारों के अनुसार मनसा माता का यह मंदिर दसवीं-ग्यारहवीं सदी का प्राचीन स्थल है, जहां देवी की तीन पिंडियाँ भक्तों को दर्शन के लिए प्रतीत होती हैं। नवरात्रि के प्रत्येक दिन प्रतिपदा से नवमी तक दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु मंदिर में पहुँचकर माता के गठ जोड़े, जड़ूला की जात लगाकर अपनी मन्नत मांगते हैं।
मंदिर के महंत केशव भारद्वाज और आचार्य रमेश शर्मा ने बताया कि भागवत, विष्णु पुराण और वेदों में मनसा देवी का वर्णन नाग कन्या रूप में किया गया है और इसे शिव की मानस पुत्री के रूप में भी माना जाता है।
नौचंडी के दौरान वेदपाठी पंडितों ने दुर्गासप्तशती का पाठ किया। भक्तों ने माता को चुनरी अर्पित की और कन्या भोजन का आयोजन भी किया गया। महानवमी के दिन हजारों भक्तों ने सामूहिक रूप से पंगत प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु जैसे विजय अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, गणेश्वर छीतर मल सैनी, सिंधु अग्रवाल और अशोक यादव उपस्थित रहे। आयोजन में सामूहिक भक्ति, उल्लास और धार्मिक अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।