पर्यटन सीजन से पहले चालू होगा भवाली–रातिघाट बाईपास, मुख्य सचिव ने किया कैंचीधाम क्षेत्र का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल (भवाली), 17 मार्च 2026। जनपद नैनीताल के भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को कैंचीधाम क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भवाली बाईपास, भवाली–रातिघाट बाईपास तथा कैंची धाम मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को पर्यटन सीजन से पहले बाईपास मार्ग को चालू करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने भवाली–रातिघाट बाईपास के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि कार्यों में तेजी लाकर जून से पहले यातायात सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी मोटर पुल बनने तक अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था कर इस सीजन में ही मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू की जाए, ताकि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं और पहाड़ की ओर जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक लगभग 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है, जिस पर यातायात भी चल रहा है। शेष मार्ग पर पहाड़ कटिंग और सुरक्षात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। वहीं इस मार्ग को भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए लगभग 74 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण भी प्रगति पर है।
मुख्य सचिव ने कहा कि नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वर्षभर कैंचीधाम आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बाईपास के निर्माण से मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।
उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे मानस खंड मंदिर माला मिशन और स्वदेश दर्शन योजना के तहत बहुमंजिला कार पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पैदल पथ, पैदल सेतु और फैसिलिटेशन सेंटर सहित विभिन्न पर्यटन विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और वाहनों के प्रवेश-निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य सचिव ने नैनीताल की लोअर माल रोड में वर्ष 2018 में हुए भू-धंसाव के बाद चल रहे सुरक्षात्मक और सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत मुख्य सचिव ने कैंचीधाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना भी की। इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।