लालकुआँ/बिंदुखत्ता।
राजस्व गांव बिंदुखत्ता की मांग को लेकर चल रहे जनआंदोलन को समर्थन देते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेन्द्र खनवाल ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता के हजारों परिवार वर्षों से भूमि, पट्टा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जटिलताओं का सामना कर रहे हैं, और अब इस समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक हो गया है।
अपने जारी बयान में खनवाल ने कहा कि बिंदुखत्ता की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से, शांतिपूर्ण और संगठित रूप में अपनी बात सरकार तक पहुंचाई है। “इतने लंबे समय से क्षेत्रवासी राजस्व गांव का दर्जा मांग रहे हैं। यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यहां के लोगों के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा प्रश्न है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व गांव का दर्जा मिलने से भूमि स्वामित्व, आवासीय योजनाओं, सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास का रास्ता खुलेगा। “जब तक क्षेत्र की राजस्व स्थिति स्पष्ट नहीं होगी, तब तक विकास योजनाओं का पूर्ण लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाएगा,” खनवाल ने कहा।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने यह भी कहा कि बिंदुखत्ता की ऐतिहासिक रैली ने यह साबित कर दिया है कि यह मांग अब जनभावना का रूप ले चुकी है। “सरकार को चाहिए कि वह जनता के धैर्य और लोकतांत्रिक संघर्ष का सम्मान करे तथा बिना देरी अधिसूचना जारी करे,” उन्होंने जोर दिया।
राजेन्द्र खनवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिंदुखत्ता की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और इस जनआंदोलन को न्यायोचित मुकाम तक पहुंचाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों की एकजुटता और अनुशासन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
