लालकुआँ, 14 जून अपनी औद्योगिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सदैव अग्रणी रहने वाली सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आज मिल परिसर के चिकित्सालय में एक विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारम्भ संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय कुमार गुप्ता ने स्वयं आगे बढ़कर और सबसे पहले रक्तदान करके किया। अपने नेतृत्व में एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए सीईओ अजय गुप्ता ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर मिल के कर्मचारियों, स्थानीय युवाओं और विशेषकर मातृशक्ति में भारी उत्साह देखा गया। इस पुनीत अभियान में कुल 143 लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और मानवता की सेवा का एक नया संकल्प लिया।
इस अवसर पर मिल की दूरगामी सोच और कार्य संस्कृति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि नेतृत्व केवल नीतियों और निर्देशों से नहीं, बल्कि स्वयं उदाहरण बनने से सार्थक होता है। जब हम स्वयं समाज की भलाई के लिए पहला कदम बढ़ाते हैं, तभी हमारी टीम और समाज में एक वास्तविक व सकारात्मक बदलाव की नींव पड़ती है। उन्होंने आगे कहा कि सेंचुरी मिल केवल औद्योगिक विकास का केंद्र नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के प्रति भी जवाबदेह है। व्यावसायिक प्रगति तब तक अधूरी है जब तक उसमें मानवीय संवेदनाएं और सेवा का भाव न जुड़ा हो। सेंचुरी मिल की कार्य संस्कृति में इस सेवा भाव को शामिल करने के पीछे यही सोच है कि यहाँ काम करने वाला हर व्यक्ति उत्पादकता के साथ-साथ समाज के प्रति भी पूरी तरह संवेदनशील और समर्पित बने।
उन्होंने युवाओं और आम जनमानस को संदेश देते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं है और इससे किसी भी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह किसी डूबते हुए जीवन को बचाने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से हर प्रकार की भ्रांति से दूर हटकर इस महाअभियान में आगे आने का आह्वान किया। आगामी योजनाओं का जिक्र करते हुए श्री गुप्ता ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए मिल प्रशासन लगातार प्रयासरत है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आपातकालीन स्थितियों में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आने वाले समय में कई और बड़े कदम उठाए जाएंगे।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व और रक्तदान के फायदों पर प्रकाश डालते हुए मिल के मुख्य चिकित्साधिकारी डा० शिव शंकर पंत ने कहा कि नियमित रूप से रक्तदान करना न केवल दूसरों की जान बचाता है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। इससे शरीर में नए ब्लड सेल्स का निर्माण होता है, रक्त संचार सुचारू रहता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम होता है। आज 143 यूनिट रक्त का संग्रह होना समाज में बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। वहीं, शिविर में मौजूद डा० पवन दत्ता ने रक्तदाताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है; यह केवल एक मनुष्य द्वारा दूसरे मनुष्य को देकर ही बचाया जा सकता है। गर्मियों के इस मौसम में अक्सर ब्लड बैंकों में रक्त की कमी हो जाती है, ऐसे समय में सेंचुरी मिल द्वारा आयोजित यह विशाल शिविर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
इस भव्य और पुनीत आयोजन के अवसर पर सेंचुरी मिल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बी. डी. मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से नितिन पाण्डे, संजय पंत सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम, मिल के कर्मचारी आदि मौजूद रहे सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और सेंचुरी मिल के इस सामूहिक उत्तरदायित्व व सामाजिक समरसता के प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।
रिपोर्ट : रमाकान्त पन्त
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
