माँ अवन्तिका कुंज शक्तिपीठ में धर्मशाला व बाउंड्री वॉल निर्माण एवं अन्य सौन्दर्यीकरण कार्यों हेतु कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें

 

​लालकुआं (नैनीताल) ।
लालकुआं स्थित प्रसिद्ध ‘माँ अवन्तिका कुंज शक्तिपीठ देवी मन्दिर समिति’ द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास हेतु उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को एक ज्ञापन सौंपा गया । ज्ञापन क्षेत्रीय विधायक डॉ० मोहन सिंह बिष्ट, नगर पंचायत चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी, पूर्व चेयरमैन पवन चौहान की उपस्थिति में मन्दिर समिति के महामंत्री भुवन पाण्डे द्वारा सौंपा गया ।

​ ज्ञापन में मन्दिर समिति के महामंत्री भुवन पाण्डे ने क्षेत्र की भौगोलिक और धार्मिक महत्ता को रेखांकित करते हुए जिन बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया है, उनमें
​धर्मशाला व बाउण्ड्री वाल निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य प्रमुख हैं ।
ज्ञापन के जरिए पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज को अवगत कराया गया कि लालकुआं शहर कुमाऊं का मुख्य प्रवेश द्वार है, जहाँ देश के विभिन्न राज्यों से रेल मार्ग द्वारा श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। शहर में उपयुक्त धर्मशाला न होने के कारण यात्रियों और निर्धन वर्ग के लोगों को यहां रुकने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
​बाउंड्री वॉल निर्माण के बाबत स्पष्ट किया गया कि मन्दिर परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए परिसर के चारों ओर बाउंड्री वॉल (चहारदीवारी) का निर्माण नितान्त जरूरी है ।
​ज्ञापन में कहा गया है कि माँ अवन्तिका कुंज देवी मन्दिर एक प्राचीन शक्तिपीठ है, जिसे सुविधाओं के अभाव के कारण वह सम्मान नहीं मिल पाया है, जो इसे मिलना चाहिए था ।

मन्दिर ​समिति ने स्थानीय जनता की ओर से कैबिनेट मंत्री से विनम्र निवेदन किया है कि मन्दिर परिसर में जल्द से जल्द धर्मशाला और बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य हेतु समुचित धनराशि स्वीकृत कराई जाए। महामंत्री भुवन पाण्डे ने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की जनता और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सदैव सरकार के आभारी रहेंगे।
​इस दौरान मन्दिर समिति के सदस्यों और स्थानीय भक्तों ने भी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया ।