हल्दूचौड़।
पंखुड़ियाँ सांस्कृतिक, पर्यावरण एवं दिव्यांग कल्याण संस्था के तत्वावधान में आयोजित पंखुड़िया महोत्सव-2025 (सीजन-15) रविवार देर रात तक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव में उत्तराखंड सहित देशभर से आई नामचीन प्रतिभाओं ने अपनी कला से दर्शकों का दिल जीत लिया।
महोत्सव में मोनिका आर्या (मिस उत्तराखंड), निखिल चौधरी (मिस्टर उत्तराखंड), चांदनी जोशी (क्वीन ऑफ कुमाऊँ), मिताली असवाल (उत्तराखंड सुपर मॉडल), अभिषेक पोप (इंडियाज बिगेस्ट डांसर), नवीन हालदार (उत्तराखंड बेस्ट डांसर), धरियाल देवल (लिटिल चेम्प) और अंजू चंदेल (सुपर मॉम) ने मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में डांस इंडिया डांस व डांस प्लस फेम रिंकू जाज, विशाल त्यागी, मेघा परगाई और पूनम गुप्ता शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष मूल्यांकन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीप कोश्यारी, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, जिला पंचायत सदस्य दीपा कमलेश चंदोला, कांग्रेस नेता हरेन्द्र बोरा एवं भाजपा नेता हेमंत नरूला ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। अतिथियों ने कहा कि पंखुड़ियाँ संस्था उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, कला और प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास में सराहनीय भूमिका निभा रही है।
महोत्सव के दौरान लाखन सिंह मेहता को हल्द्वानी रत्न, डॉली अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, कुमाऊनी फिल्मों की नायिका एवं नृत्यांगना हर्षिता कोहली, ब्लॉगर ज्योति अधिकारी को नारी शक्ति सम्मान, डॉ. जफर सैफी को स्वास्थ्य, पत्रकारिता एवं समाजसेवा के लिए तथा भांगड़ा डांस में विश्व रिकॉर्डधारी सरदार जगमोहन सिंह को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम में कुमाऊनी कॉमेडियन अमित भट्ट, मिमिक्री कलाकार अनिल भटनागर तथा सिंगर व परफॉर्मर निर्मल जोशी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया और तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का कुशल संचालन रिम्पी बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
पंखुड़िया महोत्सव-2025 ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
