लालकुआं: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने संबंधी पूर्व में विलोपित की गई घोषणा को पुनः जीवित किए जाने का अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है। यह निर्णय लालकुआं के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के अनुरोध पर लिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
ज्ञात हो कि पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत ग्राम बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी।
किंतु संबंधित क्षेत्र वन क्षेत्रांतर्गत स्थित होने के कारण वन विभाग स्तर से भारत सरकार की अनापत्ति (एनओसी) प्राप्त किए जाने के उपरांत ही शासन स्तर पर नीतिगत निर्णय लिया जाना संभव था। इस प्रक्रिया में विभिन्न कानूनी एवं प्रशासनिक प्रावधान शामिल होने के कारण समय लगने की संभावना को देखते हुए 01 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागीय समीक्षा बैठक में प्रदत्त उच्चादेशानुसार उक्त घोषणा को राजस्व विभाग की सूची से विलोपित किए जाने हेतु मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुरोध किया गया था। तत्पश्चात यह घोषणा विलोपित कर दी गई थी।
अब मुख्यमंत्री द्वारा पुनः उक्त घोषणा को पुनर्जीवित किए जाने का अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है। इस निर्णय से बिन्दुखत्ता क्षेत्र के लंबे समय से लंबित राजस्व ग्राम की मांग को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिक अधिकारों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया है और आशा व्यक्त की है कि आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कर बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा प्रदान किया जाएगा
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
