मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में 147 करोड़ की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, SPA पेयजल योजना का किया भूमि पूजन

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी, 28 फरवरी 2026 / मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में 147 करोड़ 28 लाख 56 हजार की कुल 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23 योजनाओं का 72 करोड़ 38 लाख की लागत से लोकार्पण और 17 योजनाओं का 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की लागत से शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिला विकास की नई रफ्तार से आगे बढ़ेगा। राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ संस्कृति और विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी में 30 मीटर स्पान वाले मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, नलकूप निर्माण कोटाबाग में महादेवपुरम व झलुवाझाला, बेलपोखरा नलकूप, बैलपड़ाव में सिचाई नलकूप, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआं में नलकूपों पर स्टेबलाईजर तथा जलजीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाओं सहित कुल 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
साथ ही मुख्यमंत्री ने 17 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया, जिनमें सड़क सुधार, भवन निर्माण, सीवरेज एवं नशामुक्ति केंद्र शामिल हैं।
विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता (SPA) कार्यक्रम में स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना, जिसकी कुल लागत 154.43 करोड़ रुपये है, का भूमि पूजन भी किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कुमाऊँ आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।