बाल लेखन कार्यशाला के समापन पर बच्चों ने बनाई हस्तलिखित पुस्तक 

ख़बर शेयर करें

 

 

जगमोहन रौतेला

हल्द्वानी। अल्मोड़ा से प्रकाशित बच्चों की पत्रिका बालप्रहरी तथा भारत ज्ञान विज्ञान समिति व क्रिएटिव उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में नीलांचल कालोनी, हल्द्वानी में किताब कौतिक के तहत आयोजित 5 दिवसीय बाल लेखन कार्यशाला के समापन समारोह में बच्चों द्वारा बाल प्रहरी, बाल भारती, किशोरी स्वर, बाल मुस्कान आदि नामों से तैयार हस्तलिखित पुस्तकों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर आयोजित बाल कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कक्षा 7 के अनुज सैनी तथा संचालन हृदयेश त्रिपाठी ने किया। बाल कवि सम्मेलन मे गुलफिजा, भूमिका, बबली, अनुज, मान्यता, चेतना, योगिता पाठक ने हल्द्वानी, किताब कौतिक, फूल, बादल, स्वच्छता अभियान, भोजन की बर्बादी, तितली आदि विषयों पर अपनी स्वरचित कविताएं प्रस्तुत की। बच्चों ने उदय किरौला द्वारा निर्देशित नुक्कड नाटक ‘मोबाइल टन टना टन टन’ द्वारा मोबाइल संस्कृति पर कटाक्ष करते हुए श्रोताओं को सोचने के लिए कहा। इस अवसर दीक्षा जोशी द्वारा संपादित दीवार पत्रिका ‘हल्द्वानी दर्पण’ तथा मंजू पांडे द्वारा संपादित दीवार पत्रिका ‘बाल संसार’ का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया। बाल प्रहरी संपादक उदय किरौला ने बच्चों को ‘आदमी की कहानी’ सुनाई।

यह भी पढ़ें 👉  अयोध्या से लालकुआँ पहुंची एक दिव्य अनुभूति, अवंतिका शक्तिपीठ में सदियों पुरानी धूनी के पुनरुद्धार के पीछे छिपा है कौन सा आध्यात्मिक रहस्य?

समापन समारोह के प्रारम्भ में अतिथियों ने सभी प्रतिभागी बच्चों को बैज लगाकर सम्मानित किया। बच्चों ने ओरेगैमी के तहत अखबार से बने मुकुट अतिथियों को पहनाए। अतिथियों ने बच्चों की हस्तलिखित पुस्तकों का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम का संचालन राजकीय जूनियर हाईस्कूल मुखानी के कक्षा 7 के छात्र अनुज सैनी ने किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य व साहित्यकार डॉ दीपा कांडपाल ने बच्चों की रचनात्मकता को देखते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा होती है। उन्हें समय-समय पर अवसर दिए जाने की जरूरत है।
समारोह को पूर्व प्रधानाचार्य नीरज पंत, विनोद कुमार हर्बोला, ललिता कापड़ी, दीक्षा जोशी, सुनीता, डॉ पुष्प लता जोशी आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर मंजू पाण्डे, हेम पंत, दयाल पाण्डे, विमला जोशी ‘विभा’, जगमोहन रौतेला, अंशुल पंत, प्रमोद तिवारी, उदय किरौला, प्रकाश चन्द्र तिवारी आदि उपस्थित थे।