​श्रमिक नेता स्व० कैलाश चन्द्र चौसाली के निधन पर शोक: सेंचुरी मिल प्रबंधन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस

ख़बर शेयर करें


​चोरगलिया/
सेंचुरी मिल के वरिष्ठ प्रबंधन ने दिवंगत श्रमिक नेता स्व० श्री कैलाश चन्द्र चौसाली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मिल के उपाध्यक्ष श्री नरेश चन्द्रा और मानव संसाधन (HR) प्रमुख श्री एस० के० बाजपेयी ने दिवंगत नेता के आवास पर पहुंचकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
​इस शोक की घड़ी में सेंचुरी मिल के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने स्व० चौसाली के परिजनों से मुलाकात की और उनके साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं। अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए, शोक संतप्त परिवार को यह ढांढस बंधाया कि इस कठिन और दुखद समय में मिल प्रबंधन उनके दुख में पूरी तरह से सहभागी है।
​गौरतलब है कि स्व० कैलाश चन्द्र चौसाली एक जुझारू और समर्पित श्रमिक नेता थे, जिन्होंने हमेशा मजदूरों के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए काम किया। उनके असामयिक निधन से न केवल श्रमिक वर्ग में, बल्कि मिल प्रबंधन में भी शोक की लहर है। अधिकारियों ने उनके द्वारा किए गए कार्यों और योगदान को भी याद किया।