हल्द्वानी, 12 मार्च।
इमली घाट से शांतिपुरी क्षेत्र में खनन से उत्पन्न समस्याओं को लेकर आज 12 मार्च को डॉ. गणेश उपाध्याय (पूर्व दर्जा राज्य मंत्री व प्रवक्ता, उत्तराखंड कांग्रेस) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से उनके कैंप कार्यालय हल्द्वानी में शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि लालकुआं के इमली घाट गौला क्षेत्र से प्रतिवर्ष खनन किया जाता है, जिससे लगभग 15 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इस क्षेत्र से लगभग 600 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनिज सामग्री लेकर शांतिपुरी (जिला उधम सिंह नगर) नंबर 3, नंबर 2 और नंबर 1 होते हुए शांतिपुरी गेट तक आवागमन करती हैं।
उन्होंने बताया कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से शांतिपुरी गेट से शांतिपुरी नंबर 3 तक लगभग 25 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। खनिज वाहनों से उड़ने वाली धूल और प्रदूषण से क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही इस मार्ग के किनारे एक इंटर कॉलेज, दो हाई स्कूल, तीन प्राथमिक विद्यालय और एक जूनियर हाई स्कूल स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि क्षेत्र की सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है और खनन न्यास निधि से अब तक प्रभावित क्षेत्र को कोई ठोस सुविधा नहीं मिल पाई है। जबकि इमली घाट गेट से होने वाले खनन से खनन न्यास निधि के करोड़ों रुपये जिला नैनीताल को प्राप्त होते हैं, इसके बावजूद शांतिपुरी क्षेत्र को इससे लाभ नहीं मिल सका है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि इमली गोलाघाट से शांतिपुरी लिंक मार्ग होते हुए शांतिपुरी नंबर 3 तक लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क को हॉट मिक्स से बनाया जाए तथा शांतिपुरी नंबर 3 से शांतिपुरी गेट तक लगभग 3 किलोमीटर मार्ग के दोनों ओर पैदल पथ पर टाइल्स का निर्माण कराया जाए।
इस पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले को खनन विभाग सहित संबंधित विभागों को भेजकर आकलन कराया जाएगा और यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रेम प्रकाश आर्य, प्रधान शांतिपुरी नंबर 3 बचुली देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी नैनीताल सतीश नैनवाल, ललित बिष्ट, तेज सिंह बेस्ट, प्रिंस कुंवर, फकीर राम सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
