हल्द्वानी, 9 अप्रैल 2026
अजय भट्ट (सांसद, नैनीताल–उधम सिंह नगर) ने गुरुवार को गौला पुल के सुरक्षात्मक निर्माण कार्य एवं उससे जुड़ी एप्रोच रोड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामनगर–कालाढूंगी–चोरगलिया मार्ग पर शेरनाला में निर्माणाधीन आरसीसी मोटर पुल के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने बताया कि लगभग 8 करोड़ 92 लाख 2 हजार रुपये की लागत से निर्मित हो रहा शेरनाला आरसीसी मोटर पुल क्षेत्र की ड्रीम परियोजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गर्मियों में शेरनाला शांत रहता है, लेकिन वर्षा ऋतु में यहां आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। यह मार्ग हल्द्वानी से आदि कैलाश तक जाने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में से एक है, जो चंपावत, पिथौरागढ़, धारचूला और नेपाल सीमा तक यातायात को जोड़ता है। ऐसे में यहां मोटर पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक था।
सांसद ने कार्यदायी संस्था लोनिवि पीआईयू खंड की अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि 25 जून तक अवशेष कार्य पूर्ण कर मानसून से पहले पुल को यातायात के लिए सुचारू किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने गौला रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भी चिंता व्यक्त की और लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी को निर्देश दिए कि रेलवे विभाग से समन्वय बनाकर कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए, ताकि मानसून के दौरान जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मानसून के दौरान गौला पुल और एप्रोच रोड को भारी क्षति पहुंची थी, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ था। वर्तमान में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सांसद ने सूर्या नाला का निरीक्षण करते हुए वहां भी मोटर पुल निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया और लोक निर्माण विभाग को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर गजराज सिंह बिष्ट (महापौर हल्द्वानी), ध्रुव रौतेला, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता आशुतोष, अधिशासी अभियंता बबीता सक्सेना सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
