भाकपा माले की सदस्य कॉमरेड पार्वती कोरंगा को लाल सलाम, लाल झंडे के साथ दी गई अंतिम विदाई

ख़बर शेयर करें

बिंदुखत्ता।23 दिसंबर
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) की वरिष्ठ सदस्य कॉमरेड पार्वती कोरंगा (उम्र 65 वर्ष), निवासी पुराना खत्ता, बिंदुखत्ता का निधन हो गया। उनका निधन 22 दिसंबर की रात सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में हुआ। वे विगत कुछ दिनों से फेफड़ों में संक्रमण के चलते अस्पताल में उपचाराधीन थीं।
कॉमरेड पार्वती कोरंगा लंबे समय से भाकपा माले से जुड़ी रहीं और जनता व पार्टी द्वारा चलाए गए विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाती रहीं। विशेष रूप से बिंदुखत्ता क्षेत्र में चले जनसंघर्षों में उनकी सहभागिता उल्लेखनीय रही। उनके निधन से पार्टी और जनआंदोलनों को अपूरणीय क्षति पहुँची है।
भाकपा माले नैनीताल जिला कमेटी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। अंतिम संस्कार के अवसर पर उन्हें पार्टी का लाल झंडा ओढ़ाकर “लाल सलाम” के नारों के साथ भावभीनी अंतिम विदाई दी गई।
अंतिम यात्रा में परिजनों के साथ भाकपा माले के वरिष्ठ नेता बहादुर सिंह जंगी, जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय, पुष्कर दुबड़िया, ललित मटियाली, विमला रौथाण, आनंद सिंह सिजवाली, किशन बघरी, धीरज कुमार, निर्मला शाही, प्रभात पाल, अंबा दत्त बसखेती, आनंद दानू, ललित जोशी, अनीता अन्ना, उत्तम दास, किशन जग्गी सहित बड़ी संख्या में पार्टी सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।