नैनीताल।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल–ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा भारतीय दूरसंचार सेवा कुमाऊँ के प्रधान महाप्रबंधक संजय प्रसाद को पत्र लिखकर जनपद नैनीताल के विकासखंड ओखलकाण्डा अंतर्गत ग्राम पुटपुड़ी, तुसराड़ (डाकघर तुसराड़) स्थित प्राचीन श्री देवगुरू जी मंदिर में सौर ऊर्जा सहित चौथी पीढ़ी के दूरभाष प्रसारण केंद्र तथा विद्युत व्यवस्था स्थापित किए जाने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में सांसद श्री भट्ट ने उल्लेख किया है कि श्री देवगुरू जी का यह मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, जहाँ देश-विदेश से श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता रहता है। जनमान्यता के अनुसार बृहस्पति देव का इस पावन स्थल पर साक्षात वास है तथा यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में पूर्व मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का भी इस मंदिर में आगमन हुआ था, जिससे इस स्थान की आध्यात्मिक महत्ता और अधिक स्पष्ट होती है।
सांसद श्री भट्ट ने पत्र में कहा कि मंदिर के पूज्य संत प्रेमानंद जी तथा पूर्व राजस्व अधिकारी श्री भुवन चन्द्र कफल्टिया जी ने उन्हें अवगत कराया है कि इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर आज तक दूरभाष एवं विद्युत की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है, जो अत्यंत गंभीर विषय है।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं दूरसंचार विभाग से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए श्री देवगुरू मंदिर परिसर में शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सौर ऊर्जा आधारित दूरभाष प्रसारण केंद्र स्थापित कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को संचार सुविधा उपलब्ध हो सके।
सांसद श्री भट्ट ने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक है, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
