हल्द्वानी, 20 दिसम्बर 2025
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर निगम और सभी नगर निकाय क्षेत्रों में अलाव जलाने और जरूरतमंदों में कंबल वितरित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और प्रमुख स्थानों जैसे धर्मशालाएँ, रेनबसेर, पड़ाव, सराय, चौराहा, रेलवे और बस स्टेशनों पर अलाव की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निराश्रित और असहाय व्यक्तियों की सुरक्षा के लिए निःशुल्क कंबल वितरण के भी आदेश दिए हैं। इसके साथ ही विभिन्न नगर निकायों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नगर निगम हल्द्वानी के लिए सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, नगर पालिका नैनीताल के लिए अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा और अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी उपजिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर तहसील क्षेत्रांतर्गत सार्वजनिक स्थानों में अलाव की स्थिति और रेनबसेरों का निरीक्षण करें। जिलाधिकारी ने कहा कि असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों में तुरंत कंबल वितरित किए जाएँ और ठंड से किसी भी व्यक्ति की हानि न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएँ।
इस पहल से नगरवासियों को ठंड की मार से राहत मिलने की उम्मीद है और प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचय मिलता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
