बरेली 07 जुलाई 2026ः पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मण्डल द्वारा सेवित क्षेत्रों के माननीय संसद सदस्यों एवं सांसद प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने आज पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं इज्जतनगर मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक सुश्री वीणा सिन्हा एवं शाखाधिकारियों के साथ याॅत्रिक कारखाना प्रबन्धक कार्यालय के सभागार में आयोजित मण्डलीय कमेटी की बैठक में भाग लिया।
बैठक के आरम्भ में महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने उपस्थित माननीय संसद सदस्यों एवं सांसद प्रतिनिधियों का स्वागत व अभिनन्दन किया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने संसद सदस्यों तथा सांसद प्रतिनिधियों को बताया कि आपके माध्यम से हमें, जन-सामान्य की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं का सतत् ज्ञान होता है। आप सबका मार्गदर्शन एवं आपके सुझाव मिलते रहते हैं जिसके लिए हम आपके आभारी हैं आप सबका इस बैठक हेतु समय देने के लिए मैं हृदय से आभारी हूँ। हमने अपनी रेलवे की कार्यप्रणाली में संरक्षा, लाइन क्षमता में वृद्धि, यात्री सुविधाओं के उन्नयन,आधुनिकीकरण, कर्मचारी कल्याण, पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हरित पहल सहित सभी क्षेत्रों में अनेक कदम उठाए हैं। गत वर्ष इज्जतनगर मंडल ने उल्लेखनीय सुधार के साथ अनेक वर्णनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 04 रोड ओवर ब्रिज एवं 11 रोड अंडर ब्रिज को सफलतापूर्वक तैयार कर लिया गया है। मंडल में विगत 3 वर्षों में 29 अपरगामी पुल एवं 6 उपरगामी पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। वर्तमान में 13 अपरगामी पुल तथा 1 उपरगामी पुल का निर्माण हेतु कार्य स्वीकृतादि प्रगति पर है। स्थानीय जनता की सुविधा के लिए कुल 58 एलएचएस में सुधार कार्य किए गए। गत वर्ष, त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इज्जतनगर मंडल से आरम्भिक, दुर्गा पूजा/दिवाली के दौरान 12 स्पेशल ट्रेन, होली पर्व के दौरान 06 स्पेशल ट्रेन एवं 04 ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन परिचालित की गईं, जिनके कुल 248 फेरे हुए। साथ ही, कासगंज-नई दिल्ली इण्टर सिटी एक्सप्रेस, टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस, टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस, लालकुआं-बेंगलुरु, एवं पीलीभीत-शाहजहांपुर पैसेंजर जैसी नई सेवाओं का शुभारंभ किया गया। साथ ही, लखनऊ-टनकपुर, लालकुआं-जबलपुर, रामनगर-जैसलमेर, इज्जतनगर-श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा त्रैसाप्ताहिक, कासगंज-बनारस त्रैसाप्ताहिक एवं लालकुआं-बांद्रा द्विसाप्ताहिक जैसी नई ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को स्वीकृति हेतु भेजे गए हैं ।
पूर्वोत्तर रेलवे के 58 अमृत स्टेशनों में से इज्जतनगर मंडल में कुल 17 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है, इनमें आधुनिक शौचालय, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया, लैंड स्केपिंग, प्लेटफार्म शेल्टर, उन्नत प्रतीक्षालय, नए पैदलउपरिगामी पुल इत्यादि प्रमुख कार्य है, जिसमें उझानी, हाथरस सिटी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, टनकपुर एवं बहेड़ी का कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं अगले छह महीने में काशीपुर, काठगोदाम, लालकुआं, बदायूँ, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कासगंज एवं किच्छा स्टेशन के कार्य पूर्ण होने का लक्ष्य हमने निर्धारित किया है ।
इज्जतनगर मंडल के कुल 140 स्टेशनों में से 94 स्टेशनों पर दिव्यांगजन सुविधाएँ उपलब्ध करायी गई हैं। शेष स्टेशनों पर ये सुविधायें उपलब्ध कराने का कार्य प्रगति पर है।
माल लदान एवं यातायात को बढ़ावा देने हेतु इज्जतनगर मंडल में बनबसा, मानीमऊ, छत्तरपुर एवं बितरोई माल गोदामों का विकास कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त भोपतपुर, बिलासपुर रोड एवं बाजपुर माल गोदामों पर उपलब्ध सुविधाओं के उन्नयन का कार्य भी प्रगति पर है। गत वर्ष मरहरा एवं इज्जतनगर वर्कशॉप को माल यातायात हेतु खोला गया है। नवीन प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत मथुरा-कासगंज खंड का दोहरीकरण ,कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद-कासगंज खंड का दोहरीकरण, मैलानी-पीलीभीत-बरेली खंड का दोहरीकरण, भोजीपुरा-लालकुआं दोहरीकरण, लालकुआं-काठगोदाम दोहरीकरण जैसी परियोजनाएं सम्मिलित हैं।
इसके पश्चात् मण्डल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने माननीय संसद सदस्यों को इज्जतनगर मंडल में यात्री सुख सुविधाओं के विकास, निर्माण कार्य एवं किये जा रहे उन्नयन कार्यों को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान मण्डलीय कमेटी के अध्यक्ष एवं बरेली लोकसभा के माननीय सांसद श्री छत्रपाल सिंह गंगवार ने बैठक में चर्चा करते हुए जादौपुर, सेंथल, बिजौरिया, हंसा समपाार, रिठौरा रोड समपार एवं सेमीखेड़ा समपार पर उपरिगामी पुल या अंडरपास का निर्माण, भोजीपुरा एवं समापारों के आस-पास अतिक्रमण को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाये जाने तथा अलखनाथ मंदिर के पास नागरिकों के आवागमन हेतु सामान्य रास्ते की तकनीकी संभावनाओं पर विचार करने आदि पर सुझाव दिया।
मिश्रिख (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री अशोक कुमार रावत ने कानपुर अनवरगंज से गागूपुर रेलवे स्टेशन तक तथा रेलवे अंडरपासों पर रात्रि प्रकाश व्यवस्था तथा कालिंदी एक्सप्रेस का अरौल माकन रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान करने का सुझाव दिया।
मुरादाबाद (लोकसभा) के माननीय सांसद श्रीमती रुचि वीरा ने पीपलसाना हाल्ट एवं रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 25036/35 का ठहराव तथा गोट व पतियानगला हाल्ट पर गाड़ी संख्या 55303/65305 का स्टाॅपेज करने का सुझाव दिया।
एटा (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री देवेश शाक्य ने एटा-कासगंज रेलवे लाईन बिछाने का कार्य समय से पूर्ण करने तथा अंडरपास में जलनिकासी हेतु उचित प्रबन्ध करने, रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस का ठहराव सोरो सूकर क्षेत्र स्टेशन पर किये जाने का सुझाव दिया।
आंवला (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री नीरज मौर्या ने अपने क्षेत्र पर पड़ने वाले स्टेशनों पर बाउंड्रीवाल बनाये जाने, शाहजहाॅपुर-फर्रूखाबाद के मध्य नई रेलवे लाइन का सर्वे किये जाने, स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय एवं कुलियों के लिए विश्राम कक्ष का प्रबन्ध तथा रेलवे भूमि का सदुपयोग किये जाने तथा दरियांवगंज में जलभराव के निदान हेतु नाला बनाये जाने का सुझाव दिया।
पीलीभीत (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि सदस्य (विधान सभा) श्री विवेक कुमार वर्मा ने त्रिवेणी एक्सप्रेस को टनकपुर से वाया बीसलपुर, शाहजहाॅपुर होकर चलाये जाने, टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस का मझोला रेलवे स्टेशन पर किये जाने तथा वर्षा के दौरान अण्डर पासों की जलनिकासी सुनिश्चित किये जाने का सुझाव दिया।
कन्नौज (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री अखिलेश यादव के प्रतिनिधि श्री शहजिल इस्लाम अंसारी ने नगरियाकलां एवं अभयपुर तथा जादोंपुर रेलवे क्रासिंग पर स्थित समपारों पर अण्डर पास बनाये जाने, पूर्णगिरि जनशताब्दी एवं हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस व अन्य एक्सप्रेस टेªनों का ठहराव भोजीपुरा स्टेशन पर किये जाने का सुझाव प्रदान किया।
फर्रुखाबाद (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि श्री अनूप मिश्रा ने गाड़ी सं0 14117/14118 कालिन्दी एक्सप्रेस का संचालन कासगंज से फर्रूखाबाद, मैनपुरी होते हुए दिल्ली, भिवानी तक कराये जाने, मथुरा जं0 से वाया कासगंज-फर्रूखाबाद होते हुए अयोध्याधाम तक वंदेभारत टेªन का संचालन, शमसाबाद स्टेशन पर गाड़ी सं0 15040/15041 का ठहराव प्रदान किये जाने का सुझाव दिया।
नैनीताल उधमसिंह नगर (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री अजय भटट् के प्रतिनिधि श्री लक्ष्मण सिंह खाती ने लालकुआं-सितारगंज के मध्य नई रेलवे लाइन के निर्माण, लालकुआं-बिंदुखाता घोड़ाखाल अण्डरपास में जलभराव की निकासी, अमृत भारत स्टेशन के योजना के तहत लालकुआं एवं काठगोदाम स्टेशनों का पुर्नविकास किये जाने का सुझाव दिया।
रामपुर (लोकसभा) के माननीय सांसद श्री मोहिबुल्लाह नदवी के प्रतिनिधि श्री महबूब अली पाशा ने गाड़ी सं0 15036 एवं 15034 का ठहराव कैमरी रेलवे स्टेशन पर किये जाने, चमरउआ एवं बिलासपुर स्टेशन के समीप अंडरपास/ओवर ब्रिज बनाये जाने का सुझाव दिया।
शाहजहाॅपुर (लोक सभा) के माननीय सांसद श्री अरूण कुमार सागर के प्रतिनिधि श्री एन.पी. मौर्या ने शाहजहाॅपुर जनपद के दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों मंे बेहतर रेल सम्पर्क उपलब्ध कराये जाने, गोरखपुर-बहराइच नई रेल लाइन परियोजना कार्य में गाति प्रदान करने, मैलानी पीलीभीत रेल खण्ड पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किये जाने का सुझाव प्रदान किया।
मथुरा (लोक सभा) के माननीय सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने पत्र द्वारा मथुरा-काठगोदाम तक टेªन संचालन प्रतिदिन किये जाने, मथुरा-कासगंज-कानपुर रेलखण्ड का दोहरीकृत लाइन किये जाने का सुझाव दिया।
बदायूं (राज्य सभा) के माननीय सांसद श्री बीएल वर्मा के प्रतिनिधि श्री राजीव गुप्ता ने बदायूं स्टेशन पर जल निकासी की व्यवस्था, उझानी रेलवे स्टेशन पर एफओबी का निर्माण किये जाने, गाड़ी सं0 15061 के संचालन समय की मानिटरिंग किया जायें।
शाहजहाॅपुर (राज्य सभा) के माननीय सांसद श्री मिथलेश कुमार के प्रतिनिधि श्री मुनीष तिवारी ने अण्डर पास में जल निकासी का उचित प्रबन्ध किये जाने का सुझाव प्रदान किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
