स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा जी की पुण्य स्मृति में तीन दिनों तक लोक-संगीत, नृत्य और देवभूमि की परंपराओं के अद्भुत संगम का गवाह बनेगा लालकुआँ क्षेत्र
लालकुआँ / बिन्दुखत्ता (नैनीताल), 20 नवंबर 2026: उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का जज़्बा एक बार फिर बिन्दुखत्ता की धरती पर जीवंत होने जा रहा है। क्षेत्रवासियों के बीच कौतूहल और उत्साह का केंद्र बने ‘लोकथांत सांस्कृतिक महोत्सव’ का आगाज़ कल यानी 21 नवंबर से होने जा रहा है, जो 23 नवंबर 2026 तक चलेगा।
स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा जी की पावन स्मृति में आयोजित हो रहे इस भव्य महोत्सव को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ‘उत्तराखण्ड लोकसंस्कृति की अमूल्य विरासत’ की थीम पर आधारित इस तीन दिवसीय आयोजन में पहाड़ की पारंपरिक लोक कलाओं, ढोल-दमाऊ की थाप और मनमोहक लोकनृत्यों की ऐसी छटा बिखरेगी, जो नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से रूबरू कराएगी।
महोत्सव का भव्य मंच सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर नंबर-1, बिन्दुखत्ता (लालकुआँ) में सजाया गया है। आयोजक मंडल ‘जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता’ और समस्त क्षेत्रवासियों ने इस सांस्कृतिक महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए कमर कस ली है।
आयोजकों ने समस्त कला प्रेमियों और क्षेत्र की जनता से इस तीन दिवसीय महोत्सव में सपरिवार पहुंचकर स्व. मेहरा जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने और उत्तराखंड की गौरवशाली लोक विरासत के इस उत्सव को सफल बनाने का हार्दिक आह्वान किया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


