जरूरतमंद बच्चों के संग ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने मनाई अनोखी होली, बाँटी खुशियाँ और संदेश

ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर। ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन (इंडिया) रजि. ने इस वर्ष होली का पर्व सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता के संदेश के साथ मनाते हुए जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियाँ बाँटने की अनोखी पहल की। संस्था की फाउंडर ममता पांडे के नेतृत्व में टीम ने गरीब और वंचित बच्चों के साथ होली खेलकर उन्हें त्योहार की खुशियों से रूबरू कराया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ संवाद करते हुए टीम ने सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल रंगों से होली खेली। बच्चों को फल, रंग, पिचकारी, फेस मास्क, गुजिया, बिस्कुट, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक, पानी, चॉकलेट, टॉफियां सहित अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
संस्था के संस्थापक दीपक पांडे ने कहा कि ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर बच्चों के जीवन में खुशियाँ और अवसर लाना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे मुस्कुराते हैं, तभी समाज का भविष्य उज्ज्वल बनता है और त्योहारों की सच्ची सार्थकता भी तब ही सिद्ध होती है जब उनकी खुशियाँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
इस अवसर पर संस्था की फाउंडर ममता पांडे ने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि निरंतर सामाजिक बदलाव लाना है। उन्होंने सहयोगियों, स्वयंसेवकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही ऐसे कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया तथा सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।
संस्था के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से भी मुलाकात कर होली की शुभकामनाएँ दीं। इनमें पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश ग्रोवर, पूर्व किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, पूर्व वन निगम अध्यक्ष सुरेश परिहार, हरविंदर चुग, रामवीर यादव, अलका अरोड़ा, सीए जय प्रकाश अग्रवाल तथा अधिवक्ता प्रमोद मित्तल सहित कई लोग शामिल रहे।
कोषाध्यक्ष हरीश पांडे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग होली और अन्य त्योहारों को सुरक्षित, पर्यावरण-संवेदनशील और समावेशी तरीके से मनाएँ तथा समाज के जरूरतमंद लोगों की खुशियों में भी भागीदार बनें।
कार्यक्रम में प्रज्वल पांडे और परिधि पांडे ने भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई। संस्था ने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।