गोरखपुर प्रवास में काव्य की गूंज: अभिनेता-निदेशक राजकुमार सिंह के आवास पर आशा शैली का भव्य सम्मान

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआँ/गोरखपुर। सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़े एक गरिमामय आयोजन में अभिनेता-निदेशक राजकुमार सिंह के गोरखपुर स्थित आवास पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रवास के उपलक्ष्य में आयोजित इस साहित्यिक संध्या में विभिन्न रचनाकारों ने काव्य पाठ कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड की प्रसिद्ध साहित्यकार आशा शैली को शाल, श्रीफल एवं भगवान श्रीराम के भव्य चित्र के साथ सम्मानित किया गया। उपस्थित साहित्य प्रेमियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
काव्य गोष्ठी में देशभक्ति, आध्यात्म, प्रकृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं का पाठ हुआ, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। आशा शैली ने अपने संबोधन में साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि शब्दों के माध्यम से संवेदनाओं को जीवंत रखना ही सच्ची साधना है।
अभिनेता-निदेशक राजकुमार सिंह ने कहा कि साहित्य और सिनेमा दोनों ही समाज को दिशा देने वाले माध्यम हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को रचनात्मक ऊर्जा का केंद्र बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की साहित्यिक गोष्ठियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक काव्य पाठ और साहित्यिक चर्चा के साथ हुआ। उपस्थित साहित्यकारों और गणमान्य व्यक्तियों ने इसे सांस्कृतिक संवाद का सशक्त मंच बताया।