थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिकु राणा का सड़क हादसे में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

ख़बर शेयर करें

खटीमा क्षेत्र की थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिकु राणा का एक सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अपनी मधुर आवाज और लोकगीतों के माध्यम से उन्होंने थारू संस्कृति और परंपरा को राज्य स्तर तक पहचान दिलाई थी।
रिकु राणा ने अपने गायन से न केवल स्थानीय मंचों बल्कि विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी थारू समाज की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत रखा। उनके असामयिक निधन से सांस्कृतिक जगत और थारू समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
इस दुःखद घटना पर उत्तराखण्ड क्रांति दल के खटीमा युवा नेता पंकज सिंह मनोला ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि थारू जनजाति की लोक गायिका बहन रिकु राणा जी के सड़क दुर्घटना में निधन की खबर सुनकर मन अत्यंत व्यथित और शोकाकुल है। यह पूरे क्षेत्र और थारू समाज के लिए बड़ी क्षति है।
उन्होंने कहा कि इस दुःखद घड़ी में हम सभी उनके परिजनों के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।