कुचौली गाँव (बागेश्वर) में नवरात्र पर महायज्ञ, प्रसिद्ध संत रामानुजाचार्य डॉ. स्वामी मोहन रामानुज श्री वैष्णवदास करेंगे अनुष्ठान

ख़बर शेयर करें

 

देवभूमि उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के कुचौली ग्राम स्थित महान ऋषि कुशंडी की तपोभूमि पर इस वर्ष वासंतिक चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य महायज्ञ एवं महालक्ष्मी अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। गायत्री भवन, माँ भद्रकाली मंदिर में 19 मार्च से 27 मार्च तक नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होगा।
माँ भद्रकाली मंदिर के आचार्य पंडित श्री योगेश पंत के पावन संकल्प को साकार करने के लिए यह महानुष्ठान समस्त पंत परिवार, भक्तजनों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि के लिए आयोजित किया जा रहा है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष रौद्र नामक नवसंवत्सर और मंगलदेव के मंत्री पद पर विराजमान होने के कारण विश्व और भारतवर्ष में बाह्य एवं आंतरिक तनाव, कलह और संघर्ष की संभावनाएँ बढ़ रही हैं। ऐसी स्थिति में राष्ट्र और देवभूमि उत्तराखंड की सुख-शांति एवं मंगलकामना के लिए यह महायज्ञ विशेष महत्व रखता है।
इस पावन अवसर पर प्रसिद्ध संत रामानुजाचार्य डॉ. स्वामी मोहन रामानुज श्री वैष्णवदास के सान्निध्य में महालक्ष्मी अनुष्ठान के अंतर्गत श्रीसूक्त के माध्यम से नौ दिवसीय पाठात्मक एवं होमात्मक साधना की जाएगी। इस दौरान वेद मंत्रों की गूंज, हवन, पूजा-अर्चना और धार्मिक प्रवचनों से सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं, भक्तजनों एवं क्षेत्रवासियों से इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागी बनकर धर्म लाभ प्राप्त करने और राष्ट्र व समाज की सुख-शांति की कामना करने का आह्वान किया है।