एनएच-109 पर बेखौफ लुटेरे: लालकुआं–हल्द्वानी मार्ग पर दो परिवारों से सरेशाम झपटमारी, क्षेत्र में दहशत

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लालकुआं से हल्द्वानी के बीच का मार्ग अब सुरक्षित नहीं रह गया है। बुधवार शाम को इस मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने दो अलग-अलग घटनाओं में झपटमारी कर हजारों रुपये की नगदी और मोबाइल फोन लूट लिए। सरेशाम हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पहली घटना बबूर गुमटी के समीप हुई। जानकारी के अनुसार लालकुआं निवासी मोबाइल शॉप संचालक सलीम खान अपनी पत्नी और चार वर्षीय बच्ची के साथ बाइक से हल्द्वानी खरीदारी करने जा रहे थे। वे आईओसी डिपो के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनकी पत्नी के कंधे पर टंगा बैग छीन लिया। झपट्टा इतना तेज था कि उनकी पत्नी और बच्ची गिरते-गिरते बचीं। घटना इतनी अचानक हुई कि सलीम खान को कुछ समझ ही नहीं आया। जब उन्हें बैग लुटने का आभास हुआ तो उन्होंने लुटेरों का पीछा भी किया और हल्दूचौड़ पुलिस चौकी को सूचना दी, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
दूसरी घटना अधादेश भूजा स्थित महालक्ष्मी मंदिर के ठीक सामने हुई। यहां हल्द्वानी से अपनी मां के साथ बाइक से बरेलीपाड़ाव क्षेत्र की ओर जा रहे एक युवक के साथ भी झपटमारी की घटना हुई। जैसे ही वह महालक्ष्मी मंदिर के पास पहुंचा, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसकी मां के कंधे से पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवक तुरंत हल्दूचौड़ पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि दोनों घटनाओं की सूचना पीड़ित परिवारों द्वारा लालकुआं कोतवाली पुलिस को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।
कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि दो स्थानों पर झपटमारी की सूचना मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना की सत्यता की जांच कर रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सरेशाम एनएच-109 पर हुई इन लूट की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से हाईवे पर नियमित गश्त बढ़ाने, घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।