रामनगर में खाद्य सुरक्षा निरीक्षण: गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान, होली रमजान से पहले सतर्कता

ख़बर शेयर करें

 

रामनगर / आयुक्त, खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर रामनगर के खताड़ी में दर्जन से अधिक फुटकर और डिस्ट्रीब्यूटर स्तर के फल, मिठाई, खजला, सेवई एवं खजूर के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान स्वामियों को विशेष निर्देश दिए गए कि वे गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही विक्रय करें, बिना बिल के खरीदारी न करें, स्टॉक का विवरण नियमित रूप से रखें, कालातीत खाद्य सामग्री का विक्रय और भंडारण न करें तथा अपने स्टोर की सफाई और कीटाणु निवारक दवाओं का छिड़काव नियमित रूप से करें।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि एक थोक विक्रेता से संदेह के आधार पर खजूर का नमूना गुणवत्ता जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों होली और रमजान को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।
इसके अतिरिक्त खताड़ी में बिरयानी, फल और खजूर की तीन दुकानों में लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर एक सप्ताह का समय दिया गया है, अन्यथा FSS एक्ट 2006 की धारा 31(2) के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
आयुक्त के निर्देश पर जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन निरीक्षण और कार्यवाही कर रही हैं। सभी निरीक्षण रिपोर्टें नियमित रूप से आयुक्त कार्यालय को भेजी जा रही हैं।