चंद्रग्रहण के कारण 3 मार्च को होली वर्जित, चार दिन तक चलेगा उत्सव: पं. विमल पांडे

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआँ। जनपद अल्मोड़ा के खेती गाँव के प्रसिद्ध विद्वान पण्डित विमल पांडे ने नागरिकों से होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष होली का आयोजन मुख्य रूप से चार दिन तक रहेगा।
पं. पांडे ने बताया कि 3 मार्च को चंद्रग्रहण होने के कारण उस दिन होली वर्जित रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रातः 6 बजकर 20 मिनट से सूतक काल प्रारंभ हो जाएगा तथा सायं 3 बजकर 20 मिनट से चंद्रग्रहण का स्पर्श प्रभाव माना जाएगा। ग्रहण काल में बालक, वृद्ध एवं रोगीजन भोजन कर सकते हैं।
श्री पांडे नगर के प्रसिद्ध शक्तिस्थल अवंतिका मंदिर में आयोजित वार्ता के दौरान यह जानकारी दे रहे थे। इस अवसर पर मंदिर के आचार्य पंडित चन्द्रशेखर जोशी, वरिष्ठ समाजसेवी दीवान सिंह राणा, पं. ललित मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पं. विमल पांडे के मंदिर पहुंचने पर आचार्य एवं भक्तों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने अंत में सभी से धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का आग्रह किया।