औद्योगिक विकास को नई गति देने की पहल, ‘उद्योग मित्र’ बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी, 12 मार्च 2026।
जनपद नैनीताल में औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में ‘उद्योग मित्र’ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक आस्थान क्षेत्रों में सड़क, वैकल्पिक मार्ग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा विद्युत सबस्टेशन निर्माण से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। साथ ही जीएसटी रिफंड एवं अन्य औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों में सड़क और विद्युत से जुड़े कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। जिन योजनाओं के लिए आंगणन प्रस्ताव तैयार किया जाना है, उन्हें विभागीय समन्वय से शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए।
बैठक में बजूनियाहल्दू–पतलिया से कोटाबाग तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने के प्रस्ताव की जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को शासन स्तर से प्रगति की जानकारी प्राप्त कर प्रस्ताव की स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिला उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ब्याज, विद्युत एवं परिवहन उपादान से जुड़े लगभग 59 लाख रुपये के 19 प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनका अनुमोदन के लिए समिति ने संस्तुति की।
इसके अतिरिक्त सूर्या गांव–सातताल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 26.96 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को पुनः भेजे जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग औद्योगिक गतिविधियों और सड़क संपर्क की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए विभागीय समन्वय से इस कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए।
बैठक में विद्युत विभाग ने अवगत कराया कि कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि वे स्वयं शुक्रवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेंगे तथा राजस्व भूमि से अतिक्रमण हटाकर चारदीवारी निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा भीमताल सिडकुल क्षेत्र में कचरा निस्तारण की व्यवस्था, नैनी फ्लोरा सिडकुल के सामने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन तथा लेक इंटरनेशनल स्कूल के पास क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों की तकनीकी जांच, भीमताल आणु नाले के दिशा परिवर्तन, हरिपुर मोतिया–बेलबाबा रामपुर रोड से औद्योगिक इकाइयों को जाने वाले मार्ग की मरम्मत तथा कोटाबाग औद्योगिक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा और बेहतर सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि चालू वित्तीय वर्ष में 8 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पीरूल कलेक्शन हेतु कॉपेक्टर मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता, हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आर.सी. बिंजोला, सचिव मनोज डागा, दीपक कुमार अग्रवाल सहित विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, जल संस्थान एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा उद्यमी उपस्थित रहे।