लालकुआं: स्व. पूरन सिंह रजवार की प्रेरणा से माँ अवंतिका शक्ति पीठ को मिले सीसीटीवी कैमरे, जोशी कंप्यूटर क्लासेस ने की भेंट
लालकुआं। स्थानीय माँ अवंतिका शक्ति कुंज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए एक सराहनीय कदम उठाया गया है। जोशी कंप्यूटर क्लासेस के स्वामी चंदन जोशी ने अपनी विशेष मनोकामना पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर की सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे भेंट किए हैं।
इस पुनीत कार्य के प्रेरणा स्रोत मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय पूरन सिंह रजवार जी रहे, जिनका मंदिर के प्रति योगदान और समर्पण क्षेत्रवासियों के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
कैमरे भेंट करने के इस विशेष अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, मुख्य पुजारी चंद्रशेखर जोशी, जोशी कंप्यूटर क्लासेस के स्वामी चंदन जोशी के साथ-साथ रौनक कंनवाल और रौनक बिष्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
दानदाताओं के सहयोग से हो रहा विकास
इस मौके पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने जोशी कंप्यूटर क्लासेस की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि मां अवंतिका शक्ति पीठ में दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए मंदिर के रखरखाव और साज-सज्जा के लिए कई श्रद्धालु और दानदाता स्वेच्छा से अपना हाथ आगे बढ़ा रहे हैं।
सौंदर्यीकरण के लिए जल्द होगी जनप्रतिनिधियों से वार्ता
मंदिर के भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए श्री खाती ने कहा कि शक्ति पीठ के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही सांसद अजय भट्ट और स्थानीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट से भेंट कर विस्तृत वार्ता की जाएगी, ताकि मंदिर को एक भव्य रूप प्रदान किया जा सके।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
