उत्तराखंड (कोटद्वार)।
दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और सुविधाओं को लेकर सक्षम पौड़ी गढ़वाल द्वारा 27 दिसंबर, शनिवार को कोटद्वार में एक विशाल दिव्यांगजन एकत्रीकरण एवं जिला अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से सुन्द्रियाल वेडिंग पॉइंट, पदमपुर में आयोजित होगा, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से लगभग 500 दिव्यांगजनों की सहभागिता प्रस्तावित है।
इस गरिमामय अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु भूषण खंडूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वे दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कंबल भेंट कर उन्हें राहत एवं आत्मनिर्भरता का संदेश देंगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दिव्यांग सेवा केंद्र, कोटद्वार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सक्षम उत्तराखंड के प्रान्त अध्यक्ष श्री ललित पंत ने की। बैठक में ग्रामीण व पहाड़ी क्षेत्रों से दिव्यांगजनों के आवागमन, सहायक उपकरण वितरण, कंबल भेंट, भोजन-जलपान तथा मानसिक रुग्णता से ग्रसित दिव्यांगजनों सहित अन्य दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र निर्माण जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कोटद्वार इकाई अध्यक्ष श्री योगम्बर सिंह रावत एवं सचिव श्री विपुल उनियाल द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए। साथ ही निर्णय लिया गया कि दिव्यांगजनों से संबंधित पांच प्रमुख नीतिगत मांगों को विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से उत्तराखंड सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि दिव्यांग हित में ठोस सहमति बनाई जा सके।
प्रान्त अध्यक्ष श्री ललित पंत ने बैठक में जानकारी दी कि सक्षम उत्तराखंड की मांग पर राज्य सरकार द्वारा देहरादून के अधोईवाला क्षेत्र में दिव्यांगजनों के लिए विशाल विश्राम गृह हेतु भूमि का चयन किया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
बैठक में प्रान्त युवा प्रमुख कमल पंत, जिला युवा प्रमुख रूप सिंह नेगी, जिला महिला प्रमुख अजिता रावत, नगर महिला प्रमुख आरती खंतवाल, कोटद्वार नगर युवा प्रमुख श्रीकांत गौड़, साधना रतूड़ी, अनुराग उनियाल, मंजू डोबरियाल, कपिल रतूड़ी सहित अनेक सक्षम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
