हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज दिनांक 5 अप्रैल 2026 को एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में एक प्रमुख जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड प्रांत के माननीय प्रांत संघचालक प्रोफेसर बहादुर सिंह बिष्ट, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र तथा जिला संघचालक डॉ. नीलंबर भट्ट द्वारा सामूहिक रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ एकल गीत की प्रस्तुति से हुआ।
मुख्य वक्ता के रूप में उत्तराखंड प्रांत के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजयादशमी से पूरे देश में विविध कार्यक्रम प्रारंभ हुए हैं और उत्तराखंड के कोने-कोने में भी ये कार्यक्रम निरंतर आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि गृह संपर्क अभियान के माध्यम से संघ कार्यकर्ता पूरे भारतवर्ष में 10 करोड़ से अधिक परिवारों तक पहुंचे हैं तथा उत्तराखंड में आयोजित हिंदू सम्मेलनों में 5 लाख से अधिक लोगों की सहभागिता रही है।
डॉ. शैलेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक अतुलनीय संगठन है, जिसे वास्तव में संघ के कार्यों से जुड़कर ही समझा जा सकता है। संघ के कार्य को समाज सुधार के व्यापक अभियान के रूप में भी देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब-जब भारत माता की गोद में राष्ट्र पुनर्जागरण की आवश्यकता हुई, तब-तब महान विभूतियों ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। ऐसे ही महान व्यक्तित्व परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार थे, जिन्होंने राष्ट्र जागरण की भावना के साथ संघ की स्थापना की और माँ भारती की सेवा को अपने जीवन का सर्वोच्च ध्येय बनाया।
उन्होंने बताया कि संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर भारत को उसके गौरवशाली स्थान पर स्थापित करना है। वर्तमान में संघ की छठी पीढ़ी कार्य कर रही है तथा देशभर में 45 हजार से अधिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें लाखों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके अतिरिक्त देशभर में 88 हजार दैनिक शाखाएं, 32 हजार साप्ताहिक मिलन तथा 13 हजार स्थानों पर मासिक मिलन आयोजित हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि संघ के आनुषांगिक संगठनों—आरोग्य भारती, सेवा भारती सहित अन्य संगठन भी देश और प्रदेश में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी संगठनों एवं सज्जनों से आह्वान किया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर सभी मिलकर राष्ट्र को सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पण भाव से कार्य करें, जिससे माँ भारती को परम वैभव तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन जिला संपर्क प्रमुख डॉ. नंदन डसीला द्वारा किया गया। संगोष्ठी के दौरान उपस्थित जनों ने समाज, संघ एवं राष्ट्र से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी प्रांत प्रचारक के समक्ष रखे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। साथ ही अनेक प्रबुद्धजनों ने अपने सुझाव भी साझा किए।
समापन सत्र में जिला संघचालक डॉ. नीलंबर भट्ट ने उपस्थित प्रमुख नागरिकों से राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति समाजहित में सकारात्मक कार्य कर रहे हैं, संघ के स्वयंसेवक उनके साथ सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र सशक्तिकरण में सहभागिता का आग्रह किया।
प्रमुख नागरिक जन संगोष्ठी के अवसर पर प्रांत संघचालक डॉ. बहादुर सिंह बिष्ट, जिला संघचालक डॉ. नीलंबर भट्ट, सह विभाग प्रचारक डॉ. नरेंद्र, सह प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. बृजेश बनकोटी, सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख राजेश जोशी, सह शारीरिक प्रमुख मनोहर, सह प्रांत व्यवस्था प्रमुख भगवान सहाय, विभाग प्रचार प्रमुख उमेश शाह, सह विभाग संपर्क प्रमुख गोधन, जिला कार्यवाहक राहुल जोशी, सह जिला कार्यवाह राजकुमार, जिला प्रचारक जितेंद्र, जिला प्रचार प्रमुख एडवोकेट प्रदीप लोहनी, सह जिला प्रचार प्रमुख भूवन, सह जिला बौद्धिक प्रमुख कमलेश, सह नगर कार्यवाह तनुज, नगर प्रचार प्रमुख डॉ. नवीन शर्मा, उपनगर कार्यवाह नितिन, डॉ. हरीश विष्ट, अनुज गुप्ता, धीरेन्द्र पांडे, हेमंत जोशी सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
