हल्द्वानी। घरेलू गैस (एलपीजी) सिलेंडरों की कालाबाजारी की कुछ स्थानों पर शिकायतों के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को तहसील परिसर एनआईसी कक्ष हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मांग के अनुरूप गैस कंपनियों द्वारा गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।
उन्होंने सभी गैस वितरकों, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधकों, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर कालाबाजारी रोकने और गैस वितरण सुनिश्चित करने का कार्य करें।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि गैस का वितरण केवल डीएससी कोड नंबर और ओटीपी के आधार पर ही किया जाए और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों का स्टॉक जमा करने की अनुमति न दी जाए। घट-तोल और रिफलिंग पर विशेष ध्यान देने के साथ सभी गोदामों में स्टॉक का नियमित निरीक्षण और मिलान सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और गैस कंपनियां पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेई, महाप्रबंधक केएमवीएन विजय नाथ शुक्ल, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, साथ ही क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक तथा विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इस बैठक से स्पष्ट संदेश गया कि हल्द्वानी में एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति और कालाबाजारी पर सख्त नजर रखी जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
